जयशंकर ने कंबोडियन ले. जनरल से की मुलाकात, भू-राजनीतिक स्थिति और क्षेत्रीय चुनौतियों पर की चर्चा

punjabkesari.in Saturday, Feb 04, 2023 - 06:05 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कंबोडिया के लेफ्टिनेंट जनरल हुन मैनेट से मुलाकात की व भू-राजनीतिक स्थिति और क्षेत्रीय चुनौतियों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। बैठक के दौरान दोनों  देशों ने घनिष्ठ सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। जयशंकर के मुताबिक, बैठक में रक्षा, सुरक्षा, कनेक्टिविटी और डिजिटल डिलीवरी में संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। वहीं, मैनेट के नेतृत्व में कंबोडियाई प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात की। धनखड़ ने शुक्रवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

 

जयशंकर ने ट्वीट किया, आज दोपहर कंबोडिया के लेफ्टिनेंट जनरल हुन मैनेट से मिलकर खुशी हुई। भू-राजनीतिक स्थिति और क्षेत्रीय चुनौतियों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। दोनों स्वतंत्र विचारधारा वाले देशों ने घनिष्ठ सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमत हुए। बता दें, सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे के निमंत्रण पर मैनेट के नेतृत्व में कंबोडियाई प्रतिनिधिमंडल भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर है। कंबोडिया की राजधानी नोमपेन्ह में भारतीय दूतावास ने गुरुवार को ट्वीट किया कि लेफ्टिनेंट जनरल हुन मैनेट के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल 2-4 फरवरी 2023 तक भारत के दौरे पर रहेगा। 

 

कंबोडिया में भारतीय राजनयिक रिछपाल सिंह ने नोमपेन्ह हवाई अड्डे पर प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और एक सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। नवंबर 2022 में भारत और कंबोडिया ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने का फैसला किया थाा। कंबोडिया में भारतीय राजदूत देवयानी खोब्रागडे ने कहा था, हम भारत और कंबोडिया के बीच सीधा हवाई संपर्क शुरू करने की कोशिश कर रहे हैं, जो पर्यटन को बढ़ावा देगा। जब सीधी उड़ानें होंगी, तो लोग आकर अंगकोर वाट देखना पसंद करेंगे और कंबोडिया के लोग बुद्ध की भूमि देखना पसंद करेंगे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News