जहांगीरपुरी हिंसाः दिल्ली पुलिस बनाएगी निगरानी स्टेशन, लगाए गए सीसीटीवी कैमरे

punjabkesari.in Thursday, Apr 21, 2022 - 08:36 PM (IST)

नेशनल डेस्कः जहांगीरपुरी में हिंसा के बाद अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई के बाद अब दिल्ली पुलिस ने बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली पुलिस अब जहांगीरपुरी में एक निगरानी स्टेशन बनाने जा रही है। पुलिस की ओर से गुरुवार को कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। बताते चलें कि हनुमान जयंती पर शोभायात्रा के दौरान जहांगीरपुरी में लोगों पर पत्थर बरसाए गए। इस हिंसा में पुलिस का सब इंस्पेक्टर घायल हो गया। दिल्ली पुलिस ने अब तक 25 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनमें मुख्य आरोपी अंसार को बताया जा रहा है। अंसार पिछले 5 दिनों से दिल्ली पुलिस की कस्टडी में है।

वहीं, हिंसा के बाद उत्तरी दिल्ली नगर निगम भी एक्शन में आ गया और जहांगीरपुरी में अवैध निर्माणों पर बुल्डोजर चला दिया। एमसीडी की कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को रोक लगा दी। हालांकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी बुल्डोजर बेधड़क चलता रहा जब तक कोई लिखित आदेश सामने नहीं आया। इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई गुरुवार को भी जारी रही। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को अगले 2 हफ्तों तक यथास्थिति बनाए रखने के लिए कहा है।

बुधवार को पूरे दिन गरमाई राजनीति
जहांगीरपुरी में अवैध निर्माणों और अतिक्रमण पर सुबह जब बुल्डोजर लेकर एमसीडी के अधिकारी पहुंचे तो राजनीति गर्म हो गई। आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे देश में दंगे भाजपा के लोग करवा रहे हैं। उनके घर पर बुल्डोजर चलना चाहिए। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के मुख्यालय पर बुल्डोजर चलना चाहिए। अमित शाह के घर और भाजपा के मुख्याल पर बुल्डोजर चलेगा तो पूरे देश में दंगे रुक जाएंगे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बुल्डोजर भारत के संविधान पर चलाया गया है। गरीबों और अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। भाजपा को इसके बजाय उनके दिलों में नफरत को दूर करना चाहिए। वहीं, एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी ने एक धर्म विशेष को निशाना बनाने की बात कही।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News