साल 2025 में मिशन शुक्र को अंजाम देगा ISRO, फ्रांस भी होगा इसमें शामिल
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2020 - 11:28 AM (IST)
नेशनल डेस्क: फ्रांस की अंतरिक्ष एजेंसी CNES ने बुधवार को कहा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) 2025 में शुक्र ग्रह से संबंधित अपने मिशन को अंजाम देगा और फ्रांस इसमें शामिल होगा। इसने एक बयान में कहा कि ISRO ने आग्रह प्रस्तावों के बाद मिशन के लिए रूसी अंतरिक्ष एजेंसी ‘रॉस्कॉस्मस' और फ्रांस के राष्ट्रीय वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्र सीएनआरएस से संबंधित फ्रांसीसी अनुसंधान प्रयोगशाला ‘लैटमॉस' द्वारा संयुक्त रूप से विकसित ‘वाइरल' (वीनस इन्फ्रारेड एटमस्फेरिक गैसेज लिंकर) उपकरण का चयन किया है।
ISRO अध्यक्ष के. सिवन और CNES अध्यक्ष जीन यवेस ले गाल ने आपस में बातचीत की और अंतरिक्ष में भारत तथा फ्रांस के बीच सहयोग वाले क्षेत्रों की समीक्षा की। CNES ने एक बयान में कहा कि अंतरिक्ष खोज क्षेत्र में फ्रांस शुक्र ग्रह से संबंधित ISRO के मिशन में शामिल होगा जिसका 2025 में प्रक्षेपण निर्धारित है। CNES फ्रांसीसी योगदान की तैयारी और समन्वय करेगा। यह पहली बार है जब भारत के अन्वेषण मिशन में किसी फ्रांसीसी उपकरण का इस्तेमाल होगा। ISRO की तरफ से हालांकि, इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं आई है।