अमेरिकी रिपोर्ट में दावा: भारत के मुसलमानों को विद्रोह के लिए रहे तुर्की-पाकिस्तान, कश्मीर से आगे अंदरूनी मामलों में बढ़ाया दखल
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 01:30 PM (IST)
Washington:तुर्की और पाकिस्तान पर भारत के मुसलमानों को लेकर भड़काऊ बयानबाजी और कथित दुष्प्रचार अभियान चलाने के गंभीर आरोप लगे हैं। वेबसाइट 'जिहादवॉच' की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन और पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व की विचारधारा भारत के मुसलमानों को अलग देश की मांग के लिए उकसाने की दिशा में काम कर रही है। अमेरिकी व्यवसायी और टिप्पणीकार माइकल रुबिन ने 'द संडे गार्जियन' में प्रकाशित अपने लेख में आशंका जताई है कि तुर्की और पाकिस्तान भारत के सांप्रदायिक माहौल को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं। यह लेख 31 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित हुआ। रुबिन का दावा है कि तुर्की भारत के मुस्लिम समुदाय के बीच धार्मिक पहचान को राष्ट्रीय पहचान से ऊपर रखने वाली सोच को बढ़ावा देना चाहता है।
इमरान और मुनीर के पुराने बयानों का हवाला
रिपोर्ट के अनुसार, तुर्की और पाकिस्तान की कुछ इस्लामी राजनीतिक विचारधाराओं में यह धारणा रही है कि भारतीय मुसलमानों को गैर-मुस्लिम शासन के अधीन नहीं रहना चाहिए। लेख में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के 6 अगस्त 2019 के बयान का उल्लेख किया गया है। खान ने कहा था कि पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना ने दो-राष्ट्र सिद्धांत का समर्थन इसलिए किया था, ताकि भारत के मुसलमानों को अलग मातृभूमि मिल सके। इसके अलावा, पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर के 16 अप्रैल 2025 के बयान का भी हवाला दिया गया है। मुनीर ने कहा था कि उनके पूर्वजों की सोच थी कि हिंदू और मुसलमान जीवन के हर पहलू में अलग हैं और वे दो राष्ट्र हैं। रुबिन ने इन बयानों को पाकिस्तान की वैचारिक सोच के उदाहरण के रूप में पेश किया है।
कश्मीर से आगे भारत को लेकर एर्दोगन की बयानबाजी
लेख में तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन के भारत संबंधी बयानों का भी जिक्र है। सितंबर 2019 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान उन्होंने भारत में गोमांस खाने के कारण मुस्लिम युवाओं पर हमलों का मुद्दा उठाया था। रुबिन के लेख के अनुसार, सितंबर 2025 में एर्दोगन ने अपनी पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारत में मुसलमानों की स्थिति पर चिंता जताई और हिंदुओं पर मुसलमानों के नरसंहार का आरोप लगाया। रुबिन का कहना है कि एर्दोगन ने इस दौरान भारत में मुसलमानों की ओर से किए गए हमलों का उल्लेख नहीं किया।
इंटरनेट के जरिए कट्टरवाद फैलाने की आशंका
रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि इंटरनेट और सामाजिक माध्यमों के जरिए भारत के मुस्लिम समुदाय तक भड़काऊ सामग्री पहुंचाई जा सकती है। इसमें उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों का उल्लेख करते हुए दावा किया गया है कि धार्मिक आधार पर लोगों को लामबंद करने की कोशिश भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिए चुनौती बन सकती है। रुबिन ने आशंका जताई है कि यदि भारत के मुस्लिम समुदाय का एक हिस्सा भी ऐसी कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित होता है, तो देश में सांप्रदायिक तनाव गंभीर रूप ले सकता है। हालांकि, लेख में भारत में किसी संगठित विद्रोह की तैयारी या तुर्की-पाकिस्तान की ओर से चलाए जा रहे ऐसे किसी अभियान के ठोस प्रमाण सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
पाकिस्तान और तुर्की की धार्मिक नीतियों पर भी सवाल
रुबिन ने पाकिस्तान और तुर्की की धार्मिक नीतियों पर भी सवाल उठाए हैं। उनके लेख में पाकिस्तान में हिंदुओं और ईसाइयों के साथ होने वाले भेदभाव, सांप्रदायिक हिंसा और ईशनिंदा कानूनों के कथित दुरुपयोग का उल्लेख है। उनका तर्क है कि जो देश अपने यहां धार्मिक सहिष्णुता सुनिश्चित नहीं कर पा रहे, उन्हें भारत के सामाजिक और धार्मिक मामलों पर उपदेश देने का नैतिक अधिकार नहीं है।
भारत के लिए चिंता का विषय
रुबिन ने चेतावनी दी है कि भारत को विदेशी प्रचार और कट्टरपंथी विचारधारा के प्रसार को गंभीरता से लेना चाहिए। उनके मुताबिक, किसी देश के भीतर धार्मिक तनाव पैदा करके उसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाना भी बाहरी दबाव बनाने का तरीका हो सकता है।
