महिला दिवस पर अपनी ताकत दिखाने दिल्ली पहुंची हजारों महिलाएं, किसान आंदोलन की संभाली बागडोर

punjabkesari.in Monday, Mar 08, 2021 - 10:55 AM (IST)

नेशनल डेस्क: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आज दिल्ली की सीमाओं सिंघू, टीकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन में मंच प्रबंधन सिर्फ महिलाओं द्वारा किया जाएगा। आज आंदोलन में महिला किसान, विद्यार्थी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में  टीकरी बॉर्डर पहुंच रही हैं। पटियाला से आईं एक प्रदर्शनकारी महिला ने कहा कि सरकार कानून रद्द करे। हम अपने छोटे-छोटे बच्चे छोड़ कर आए हैं। इस दौरान महिलाएं भोजन और सुरक्षा के प्रबंधन से लेकर अपने संघर्ष की कहानियां भी साझा करेंगी।

PunjabKesari

15,000 महिलाओं के पहुंचने का अनुमान
आयोजकों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिंघू और टीकरी बॉर्डर पर लगभग 15,000 महिला किसान, कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता विरोध स्थलों में शामिल होंगी। किसान नेताओं ने कहा कि महिलाएं देश के कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और उन्होंने इस दिन महिला किसानों को मंच प्रबंधन सौंपने की योजना बनाई है।  उन्होंने कहा कि  पंजाब और हरियाणा से हजारों महिला किसान आज दिल्ली की सीमाओं पर एकत्र होंगी और यह दिन पूरी तरह से महिला किसानों, कार्यकर्ताओं और छात्राओं को समर्पित होगा।

PunjabKesari
तीन महीनों से आंदोलन कर रहे हैं किसान
वरिष्ठ किसान नेता और संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) की एक सदस्य कविता कुरुगंती ने कहा कि महिला दिवस मनाने के लिए, मंच का प्रबंधन महिलाओं द्वारा किया जाएगा, और वक्ता भी महिलाएं होंगी। उन्होंने कहा कि हम विभिन्न आंदोलन स्थलों पर अधिक महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद कर रहे हैं।  गौरतलब है कि केन्द्र के तीन नये कृषि कानूनों को निरस्त किये जाने की मांग को लेकर किसान पिछले तीन महीनों से अधिक समय से दिल्ली की सीमाओं सिंघू, टीकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे हैं।

PunjabKesari
महिलाएं कृषक समुदाय का एक बड़ा हिस्सा: किसान नेता
किसान नेता कुलवंत सिंह संधू ने कहा कि महिलाएं कृषक समुदाय का एक बड़ा हिस्सा हैं लेकिन उन्हें वह दर्जा नहीं दिया जाता है, जिसकी वह हकदार हैं। वास्तव में, वे पुरुषों की तुलना में अधिक काम करती हैं। संधू ने कहा कि उन्होंने इस अवसर पर महिला किसानों को पंजाब और हरियाणा में विभिन्न विरोध स्थलों में शामिल होने के लिए कहा है। क्रान्तिकारी किसान यूनियन के किसान नेता अवतार सिंह मेहमा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी सीमाओं पर मंच प्रबंधन महिलाओं द्वारा किया जाएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Recommended News

Related News