IndianRailways: इस रूट पर शुरू होंगी 3 नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेनें, जयपुर-अगरतला-श्रीगंगानगर से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 03:08 PM (IST)

नेशनल डेस्क: लंबी दूरी के रेल यातायात को बढ़ावा देते हुए रेल मंत्रालय ने तेलंगाना से तीन नयी साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही दक्षिण-मध्य रेलवे (एससीआर) की ओर से संचालित मौजूदा विशेष ट्रेन सेवाओं को नियमित कर दिया गया है। ये नयी सेवाएं हैदराबाद और तेलंगाना के अन्य हिस्सों को जयपुर, अगरतला और श्रीगंगानगर से जोड़ेंगी। 

दक्षिण-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपकर् अधिकारी ए श्रीधर की रविवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 17079/17080 हैदराबाद-जयपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस क्रमश: 24 जुलाई और 26 जुलाई से सेवा शुरू करेगी। यह ट्रेन हैदराबाद और जयपुर के बीच सिकंदराबाद, निजामाबाद, नांदेड़, भोपाल, उज्जैन, अजमेर और अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर चलेगी। इसी तरह, ट्रेन संख्या 17031/17032 चरलापल्ली-अगरतला साप्ताहिक एक्सप्रेस 27 जुलाई और 31 जुलाई से शुरू होगी।

यह सेवा तेलंगाना को आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों के कई प्रमुख शहरों से जोड़ेगी, जिनमें विजयवाड़ा, भुवनेश्वर, गुवाहाटी और अगरतला शामिल हैं। एक अन्य नयी ट्रेन संख्या 17061/17062 काचीगुड़ा-श्रीगंगानगर साप्ताहिक एक्सप्रेस 25 जुलाई और 28 जुलाई से शुरू होगी। यह ट्रेन राजस्थान के श्रीगंगानगर पहुंचने से पहले निजामाबाद, अकोला, भोपाल, जयपुर, बीकानेर और सूरतगढ़ जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इन नियमित साप्ताहिक एक्सप्रेस सेवाओं के शुरू होने से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और तेलंगाना की देश के उत्तरी व पूर्वोत्तर क्षेत्रों के साथ कनेक्टिविटी में सुधार होगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News