''मैं रोज-रोज मार नहीं खा सकती'', वीडियो में छलका भारतीय महिला का दर्द...अमेरिका में किया सुसाइड

punjabkesari.in Sunday, Aug 07, 2022 - 08:51 AM (IST)

नेशनल डेस्क: अमेरिका के न्यूयॉर्क में भारतीय मूल की महिला मनदीप कौर के सुसाइड का मामला सामने आया है। मृतक मनदीप कौर (30) ने सुसाइड से पहले एक वीडियो बनाया जिसमें उसने अपने हो रहे जुल्मों की पूरी दास्तां सुनाई। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नजीबाबाद क्षेत्र की रहने वाली मनदीप कौर ने पति की प्रताड़ना से तंग आकर न्यूयॉर्क में आत्महत्या की। मनदीप कौर ने 3 अगस्त को अपने पिता को एक वीडियो भेजने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। वीडियो में मनदीप ने अपने पति रणजोधवीर सिंह संधू पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। 

 

यह है पूरा मामला

बिजनौर के नजीबाबाद के ताहरपुर निवासी जसपाल सिंह ने शनिवार को बताया कि उनकी पुत्री मनदीप ने न्यूयॉर्क में भारतीय समयानुसार 2 अगस्त की देर रात एक वीडियो उन्हें भेजकर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। 2 मिनट 49 सेकंड के वीडियो में मनदीप ने पति रणजोधवीर पर रोज-रोज पिटाई,  दूसरी औरतों से अवैध संबंधों और शराब पीकर डराने-धमकाने का आरोप लगाया। मनदीप ने वीडियो में बताया कि उसने बहुत कोशिश की वह किसी तरह से हालातों से समझौता कर ले लेकिन आए दिन उसके पति की दरिदंगी बढ़ती है जा रही थी। वह हो रोज उसे पीटता था और गाली-गलौज करता था। उसने वीडियो में कहा कि अब पति की पिटाई सहन नहीं होती है, इसलिए आत्महत्या कर रही हूं। 

 

2018 में दोनों गए थे अमेरिका

जसपाल सिंह ने बताया कि 2015 में उन्होंने मनदीप की शादी नजीबाबाद के गांव बढ़िया निवासी रणजोधवीर से की थी। 2018 में दोनों अमेरिका गए थे। रणजोधवीर ने कर्ज लेकर ट्रक लिया था। दंपति की चार और छह साल की दो बेटियां हैं। जसपाल ने बताया कि उनकी बेटी मनदीप बताती थी कि रणजोधवीर उस पर दबाव बना रहा था कि वह अपने पिता से 50 लाख रुपए मांगें, जब उसने ऐसा करने से मना कर दिया तो वह उसे और पीटने लगा था। वहीं पिता जसपाल सिंह ने बताया कि मनदीप की दो बेटियां थीं, बेटा नहीं होने पर भी उसे ताने कसे जा रहे थे। जसपाल सिंह ने नजीबाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि मनदीप का अमेरिका में पोस्टमार्टम हो गया है और रणजोधवीर पुलिस हिरासत में है।

 

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

नजीबाबाद के थाना प्रभारी रविंद्र कुमार वर्मा ने शनिवार को बताया कि आरोपी के खिलाफ पीड़िता के पिता की शिकायत पर शुक्रवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाने) और 498 ए (दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न करना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। नजीबाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मनदीप के पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News