खुशखबरी: गोलीबारी में घायल छात्र को भारत ने यूक्रेन से निकाला, हरजोत की कल होगी वतन वापसी

punjabkesari.in Sunday, Mar 06, 2022 - 08:39 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: 31 वर्षीय भारतीय छात्र हरजोत सिंह के परिवार के लिए खुशखबरी है। युद्धग्रस्त यूक्रेन में निकासी के दौरान गोलीबारी में घायल भारतीय छात्र हरजोत सिंह को सोमवार को दिल्ली वापस लाया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, "कीव में गोली लगने से घायल हुए भारतीय नागरिक हरजोत सिंह कल हमारे साथ भारत लौट आएंगे।"

उल्लेखनीय है कि हरजोत गत 27 फरवरी को दो अन्य भारतीयों के साथ यूक्रेन की पश्चिमी सीमा पर लविवि की ओर यात्रा करते समय अपनी कैब पर गोलीबारी में घायल हो गये थे। हरजोत सिंह को चार गोलियां लगी थीं जिसमें एक गोली सीने में लगी। वह दिल्ली के रहने वाला है। उन्हें कीव के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हाल ही में भारत सरकार ने कहा है कि वह हरजोत के इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी।

दिल्ली निवासी हरजोत ने 27 फरवरी के घटनाक्रम को याद करते हुए कहा, ‘‘हम लीव जाने के लिए कैब में बैठे थे। हमें एक बैरिकेड पर रोका गया और तभी गोलियां चलने लगीं। मुझे लगा कि अब अंत समय आ गया है। भगवान की कृपा से मैं जीवित बच गया।'' कुछ दिन के बाद हरजोत के होश में आने पर यहां उसके परिजनों ने राहत की सांस ली, जब उन्हें बताया गया कि वह चमत्कारिक तरीके से गोलियों से बच गया।

दिल्ली के छतरपुर में रहने वाले उसके परिवार के लिए भी यह उतना ही मुश्किल वक्त था क्योंकि उन्हें पता ही नहीं चल रहा था कि उनके बेटे को क्या हुआ। उसके भाई प्रभजोत सिंह ने बताया कि जब तीन दिन बाद उसे होश आया तो वह गोलियों के जख्म और टूटे पैर के साथ अस्पताल में था। उन्होंने कहा कि आखिरी बार 26 फरवरी को हमने बात की थी तो उसने कहा था कि वह अच्छा है और वापस आ जाएगा, लेकिन उसके बाद से कोई संपर्क नहीं हुआ। हम बहुत चिंतित थे। 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News