Maharashtra crisis: महाराष्ट्र में कैसे हो गया इतना बड़ा ''खेला'', एकनाथ शिंदे ने खोला राज

punjabkesari.in Tuesday, Jul 05, 2022 - 09:13 AM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र में इतने बड़े सियासी उलटफेर को लेकर हर कोई हैरान रह गया था और सबके दिमाग में सवाल चल रहा था कि आखिर इतना बड़ा खेला कैसे हो गया और यह किसने किया। इन सब सवालों के जवाब अब खुद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिए हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को सार्वजनिक रूप से कहा कि शिवसेना नेतृत्व के खिलाफ उनकी हालिया ‘बगावत’ के पीछे भाजपा की सक्रिय भूमिका थी।

 

शिंदे ने कहा कि गुजरात से गुवाहाटी जाने के बाद वह फडणवीस से तब मिलते थे, जब उनके गुट के विधायक सो रहे होते थे, लेकिन वह विधायकों के जागने से पहले (गुवाहाटी) लौट आते थे। सदन में विश्वास मत हासिल करने के बाद राज्य विधानसभा में शिंदे की टिप्पणी से साफ हो गया कि भाजपा नेता और मौजूदा उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस दौरान शिंदे के नेतृत्व वाले समूह की गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल थे।

 

शिंदे गुट के विधायक पिछले महीने के अंत में गुवाहाटी के एक लग्जरी होटल में डेरा डाले हुए थे। लेकिन ऐसी खबरें थीं कि शिंदे ने गुवाहाटी से गुजरात पहुंचकर फडणवीस के साथ गुप्त बैठक की थी। खबरों में दावा किया गया कि भोर होने से पहले शिंदे गुवाहाटी स्थित होटल में वापस आ गए, जहां वह 40 विधायकों के साथ डेरा डाले हुए थे। शिंदे ने कहा, “हमारी संख्या कम थी (भाजपा की तुलना में), लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमें आशीर्वाद दिया। मोदी साहब ने शपथ ग्रहण से पहले मुझसे कहा था कि वह मेरी हरसंभव मदद करेंगे। अमित शाह साहब ने कहा कि वह हमारे पीछे चट्टान की तरह खड़े रहेंगे।

 

फडणवीस सबसे बड़े कलाकार: शिंदे
शिंदे ने फडणवीस की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘लेकिन सबसे बड़े कलाकार तो यह हैं।’’ शिंदे ने कहा कि हम तब मिलते थे जब मेरे साथ के विधायक सो रहे होते थे और उनके जागने से पहले (गुवाहाटी) लौट आता था। शिंदे के इस खुलासे से फडणवीस साफ तौर पर शर्माते दिखे। शिंदे ने फडणवीस की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘कोई नहीं जानता कि वे क्या करेंगे और कब करेंगे।’’ बता दें कि महाराष्ट्र में एक हफ्ते से अधिक समय से चल रही राजनीतिक उथल-पुथल को खत्म करते हुए शिंदे ने 30 जून को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News