उत्तर भारत में लू का कहर- दिल्ली में गर्मी ने तोड़ा 18 साल का रिकॉर्ड, पारा 50° तक पहुंचा

punjabkesari.in Wednesday, May 27, 2020 - 09:34 AM (IST)

नेशनल डेस्कः दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी से बेहाल है। जहां दिल्ली में गर्मी ने 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है वहींं राजस्थान के चुरु में पारा 50 डिग्री तक पहुंच गया। मई महीने के दूसरे हफ्ते के खत्म होते ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला में 18 साल के बाद मंगलवार को मई महीने का सबसे अधिक तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

PunjabKesari

दिल्ली में लोग चिलचिलाती गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना कर रहे हैं और राष्ट्रीय राजधानी के अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक दर्ज किया गया। वहीं पालम इलाके में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। 

PunjabKesari

दिल्ली में गर्मी के टूटे रिकॉर्ड
क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि आखिरी बार सफदरजंग में 46 डिग्री अधिकतम तापमान 19 मई 2002 को दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में सबसे अधिक तापमान 29 मई 1944 को 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। श्रीवास्तव ने बताया कि हालांकि, पालम वेधशाला में पिछली बार सबसे अधिक तापमान 47.6 डिग्री 18 मई 2010 को दर्ज किया गया था।भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक बड़े इलाके में लगातार दो दिनों तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री दर्ज होने पर लू की घोषणा की जाती है जबकि पारा 47 डिग्री होने पर प्रचंड लू की घोषणा की जाती है। 

PunjabKesari

राजस्थान में गर्मी जोरों पर
राजस्थान के सभी इलाकों में जोरदार गर्मी पड़ रही है और लू के थपेड़ों ने लोगों का घरों में बंद कर दिया है। मंगलवार को चुरू में पारा 50.0 डिग्री सेल्सियस तक चला गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के चुरू में मंगलवार को तापमान सबसे अधिक दर्ज किया गया। वहां अधिकतम तापमान 50.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो पिछले 10 साल में मई के माह में दूसरा अधिकतम तापमान है। इससे पहले वर्ष 2016 में19 मई को चुरू में पारा 50.2 डिग्री तक गया था।राज्य के बाकी हिस्सों में भी गर्मी एवं लू का कहर है।

PunjabKesari

28 मई से मिल सकती है थोड़ी राहत
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को पश्चमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं की वजह से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार और शनिवार को धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। यहां पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News