हरदीप सिंह पुरी को मिला प्रमोशन, काम के दम पर बनाई कैबिनेट में जगह
punjabkesari.in Wednesday, Jul 07, 2021 - 07:40 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय विदेश सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी हरदीप सिंह पुरी को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में उनके बेहतरीन काम को देखते हुये कैबिनेट मंत्री के तौर पर मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। पुरी ( 69 वर्ष) इस समय भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्यसभा सदस्य हैं। उन्हें 03 सितंबर 2017 को आवास एवं शहरी विकास विकास मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया था।
मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में उन्हें आवास एवं शहरी विकास के साथ नागरिक उड्डयन मंत्रालय की भी जिम्मेदारी दी गई। साथ ही उन्हें वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री भी बनाया गया।
माना जाता है कि शहरी विकास मंत्री के रूप में अपने काम से उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विश्वास जीता है। कोविड-19 महामारी के समय विदेशों में फँसे भारतीयों को स्वदेश लाने के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय के वंदे भारत मिशन की भी काफी सराहना हुई है। उनके काम को देखते हुये उन्हें मंत्रिमंडल में प्रोन्नत किया गया है।
पुरी वर्ष 1974 में भारतीय विदेश सेवा के लिए चुने गये थे। वह जापान, स्विटजरलैंड, श्रीलंका, अंकटाड, यूएनडीपी, ब्रिटेन, संयुक्त राष्ट्र, ब्राजील आदि में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह अंतररष्ट्रीय शांति संस्थान में उपाध्यक्ष और वरिष्ठ सलाहकार की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।