हेलिकॉप्टर क्रैशः ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का पार्थिव शरीर भोपाल पहुंचा,कल बैरागढ़ में होगा अंतिम संस्कार

punjabkesari.in Thursday, Dec 16, 2021 - 03:19 PM (IST)

नेशनल  डेस्क:  तमिलनाडु के कुन्नूर में 8 दिसंबर को CDS बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर क्रैश में घायल ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का पार्थिव शरीर आज गुरुवार दोपहर 2.35 पर भोपाल एयरपोर्ट पर सेना के प्लेन से लाया गया। बता दें कि वरुण सिंह का बुधवार को निधन हो गया था। हादसे में बुरी तरह घायल हुए वरुण 7 दिन से बेंगलुरु के अस्पताल में भर्ती थे। कुछ ही देर में पार्थिव शरीर को भोपाल स्थित सनसिटी कॉलोनी में उनके घर ले जाया जाएगा।

प्रशासन का प्लान वरुण का अंतिम संस्कार भदभदा विश्राम घाट पर कराने का था, लेकिन वरुण के पिता के कहने पर अंतिम संस्कार अब बैरागढ़ में शुक्रवार सुबह 11 बजे होगा। 

 सेना के विमान से ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की पार्थिव देह भोपाल आने पर CM शिवराज सिंह चौहान, मंत्री-विधायक समेत कई लोग श्रद्धांजलि देंगे। यहां से पार्थिव देह उनके निवास सन सिटी कॉलोनी में लाया जाएगा। जहां आम लोगों के दर्शन के लिए पार्थिव देह रखा जाएगा। यहां पर शाम 5 बजे तक अंतिम दर्शन किए जाएंगे।  
 
वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ट्वीट कर कहा कि मां भारती के सपूत, शौर्य के प्रतीक, वीर जवान, श्रद्धेय वरुण सिंह जी के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय और सैनिक सम्मान के साथ किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि श्रद्धेय वरुण सिंह जी की स्मृतियों को अक्षुण्ण रखने के लिए उनकी प्रतिमा की स्थापना और संस्था का नामकरण उनके नाम पर किया जायेगा। चौहान ने कहा कि उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की सम्मान निधि और परिवार के सदस्य को शासकीय नौकरी दी जायेगी। अमर शहीद के चरणों में नमन।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Recommended News

Related News