भारतीय वायु सेना में किसी पद पर कितनी महिलाएं शामिल, सरकार ने दी पूरी जानकारी

punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2020 - 01:59 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय वायुसेना (आईएएफ) में सेवारत महिला अधिकारियों की कुल संख्या 1875 है और इनमें से 10 लड़ाकू विमान चालक हैं जबकि 18 महिला अधिकारी दिशा-संचालक (नैवीगेटर) हैं। राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित जवाब में रक्षा राज्य मंत्री श्रीपाद नाईक ने इसकी जानकारी दी। 

 

नाईक ने बताया कि एक सितंबर, 2020 की स्थिति के अनुसार भारतीय वायुसेना में सेवारत महिला अधिकारियों की संख्या 1875 है। इनमें से 10 महिला अधिकारी लड़ाकू पायलट हैं और 18 महिला अधिकारी नैवीगेटर हैं। उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्रालय के अनुमोदन के बाद भारतीय वायुसेना ने वर्ष 2016 में फ्लाइंग ब्रांच की लड़ाकू स्ट्रीम में महिला एसएससी अधिकारियों के प्रवेश के लिए एक योजना आरंभ की थी। इसके अंतर्गत अब तक 10 महिला लड़ाकू पायलटों को कमीशन किया गया है। 

 

यह पूछे जाने पर कि महिला लड़ाकू विमान चालकों द्वारा सीमा पार या शत्रु देशों की सीमा रेखा के आस-पास लड़ाकू विमान उड़ाते समय किस तरह की सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतने के दिशा निर्देश हैं, नाईक ने बताया कि भारतीय वायुसेना में महिला लड़ाकू पायलटों को निर्धारित की गई नीति के अंतर्गत सामरिक जरूरतों और संक्रियात्मक आवश्यकताओं के अनुसार नियुक्त और तैनात किया जाता है, जिसकी समय-समय पर समीक्षा की जाती है।'' उल्लेखनीय है कि जून 2016 में पहली बार तीन महिला लड़ाकू विमान चालकों भावना कंठ, अवनी चतुर्वेदी और मोहना सिंह को भारतीय वायु सेना के लड़ाकू बेड़े में शामिल किया गया था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News