भारत जोड़ो यात्रा के लिए अन्य प्रदेशों से अच्छे इंतजाम होंगे : गहलोत

punjabkesari.in Wednesday, Nov 23, 2022 - 09:48 PM (IST)

नेशनल डेस्क : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस नेता राहुल गाँधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर पूरे देशभर में अपूर्व उत्साह बताते हुए कहा है कि अब तक जिन प्रदेशों में यात्रा निकली है उससे कहीं अधिक अच्छे इंतजाम राजस्थान में किए जाएंगे। श्री गहलोत भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान चरण की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश स्तरीय समिति की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से समाज में भाईचारे का अच्छा संदेश जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जो भी नेता अपने कार्यकर्ताओं के साथ नियत तिथि एवं स्थान पर भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेने के लिए आये वो अपने कार्यकर्ताओं के साथ अनुशासन बनाएं रखें। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा बताये समय तथा स्थान पर ही नेता एवं कार्यकर्ता भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेने के लिए पहुँचे ताकि अनुशासन एवं इंतजामों में किसी प्रकार की कमी ना आये। उन्होंने कहा कि जिलों एवं विधानसभा स्तर पर यात्रा की तैयारियों के लिए प्रभारी बनाए जाएं तथा जो भी कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं व्यवस्थाओं के लिए तय समितियाँ बनाएं उसकी पालना करते हुए राजस्थान चरण में भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने में सभी लोग अपना योगदान प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के सफल आयोजन से प्रदेश का मान बढ़ेगा।  इससे पहले बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने समिति के सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए और कहा कि श्री राहुल गाँधी की भारत जोड़ो यात्रा आगामी तीन से छह दिसम्बर के मध्य राजस्थान में प्रवेश करेगी तथा यात्रा के रूट का जायजा लेने के लिए वह स्वयं 25 नवम्बर को जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा पहली बार कांग्रेस शासित प्रदेश में निकलेगी तथा प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अपूर्व उत्साह है जिस कारण यात्रा को लेकर पूरे देशभर में राजस्थान प्रदेश से अपेक्षाएं अधिक है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान प्रदेश के साथ ही भारत जोड़ो यात्रियों के लिए रहने, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं करना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साथ ही सभी कांग्रेस नेताओं तथा कार्यकर्ताओं का दायित्व है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में भाग लेने वाले भारत यात्री, प्रदेश यात्री एवं अतिथि यात्री के वर्गों में बांटे गए है। उन्होंने कहा कि सभी जिलों से भाग लेने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आवेदन किए है तथा जिला स्तर पर बनी कमेटियों द्वारा जिलों से भाग लेने वाले यात्रियों की सूची तैयार हो रही है।

उन्होंने कहा कि यात्रा में भाग लेने के लिए सभी जिलों के कांग्रेसजनों को तिथि एवं स्थान नियत कर बताया जाएगा तथा बताए गए स्थान एवं तिथि पर ही भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेने के लिए पास जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा मार्ग पर प्रतिदिन अलग-अलग व्यक्तियों को सम्पूर्ण व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारी प्रदान की जाएगी जो कि प्रदेश स्तरीय समिति से समन्वय कर प्रदेश एवं अतिथि यात्रियों के ठहरने एवं भोजन की व्यवस्थाओं को देखेंगे।

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, कांग्रेस स्टेयरिंग कमेटी के सदस्य रघुवीर मीणा, असम प्रदेश प्रभारी जितेन्द्र सिंह, पंजाब प्रभारी हरीश चौधरी, एआईसीसी सचिव धीरज गुर्जर, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. गिरिजा व्यास, मंत्री बी. डी. कल्ला, गोविंदराम मेघवाल, प्रमोद जैन भाया, लालचन्द कटारिया, रामलाल जाट, परसादी लाल मीणा, ममता भूपेश, भजनलाल जाटव, हेमाराम चौधरी, प्रतापसिंह खाचरियावास, शकुन्तला रावत, भंवर सिंह भाटी ,जुबेर खान एवं विधायक रफीक खान तथा कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News