गोवा के मुख्यमंत्री सावंत ने लोगों से कहा- गलती से भी कोलकाता मत जाना, जानिए वजह

punjabkesari.in Tuesday, Dec 07, 2021 - 10:20 PM (IST)

पणजीः पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हुई हिंसा का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंगलवार को स्थानीय लोगों से अपील की, कि वे “गलती से भी” कोलकाता न जाएं। किसी का नाम लिए बिना सावंत ने, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना देवी शांतदुर्गा से करने के लिए तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों और अन्य पर भी निशाना साधा। 

कांग्रेस के पूर्व विधायक रवि नाइक के भाजपा में शामिल होने के बाद गोवा के मुख्यमंत्री पोंडा में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और गोवा चुनाव के लिए भाजपा प्रभारी देवेंद्र फडणवीस और भाजपा की गोवा इकाई के अध्यक्ष सदानंद शेत तनावडे भी मौजूद थे। सावंत ने कहा, “कोई दिल्ली से आता है (आम आदमी पार्टी), तृणमूल आती है और एमजीपी (गोवा में आगामी चुनाव के लिए) उसके साथ गठबंधन करती है।” 

मुख्यमंत्री ने तृणमूल और ‘आप' दोनों दलों पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “हमारे लोग दिल्ली नहीं जाते। और गलती से भी कोलकाता नहीं जाते। मैं आपको सच बता रहा हूं। वहां (कोलकाता) कभी मत जाना। आपको पता है वहां (पश्चिम बंगाल) चुनाव के बाद क्या हुआ था? क्या आप वैसी ही हिंसा गोवा में चाहते हैं?”

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम लिए बिना सावंत ने कहा कि कुछ नेता उन्हें देवी शांतदुर्गा से भी बड़ा बता रहे हैं। सावंत ने कहा, “क्या वे पागल हो गए हैं? वे उनकी (ममता) तुलना देवी से कर रहे हैं। हमें उन्हें बताना होगा कि उनकी तुलना हमारी देवी शांतदुर्गा से नहीं हो सकती।” 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News