खुदकुशी की कोशिश के बाद आईसीयू में भर्ती थी प्रेमिका, जबरन कराई प्रेमी से शादी

punjabkesari.in Friday, Dec 06, 2019 - 12:07 AM (IST)

पुणेः महाराष्ट्र के पुणे जिले स्थित चाकण में एक व्यक्ति को खुदकुशी की नाकाम कोशिश के बाद अस्पताल के आईसीयू में भर्ती महिला से विवाह करने के लिए मजबूर किया गया। पुरुष का कथित रूप से महिला से संबंध था। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। महिला ने बाद में सूरज नलावडे नामक इस व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला भी दर्ज कराया है, जो अभी लापता है। महिला का दावा है कि नलावडे ने उस पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाला।

चाकण पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया, ‘‘जब महिला ने शादी करने को कहा तो उसने यह कहकर शादी से मना कर दिया कि वह कथित रूप से निचली जाति की है।'' पुलिस के मुताबिक 27 नवंबर को महिला ने जहर खाकर खुदकुशी करने की कोशिश की जिसके बाद अस्पताल के आईसीयू में उसे भर्ती कराया गया।

अधिकारी ने कहा कि ‘‘ स्थानीय संगठन के कुछ सदस्य नलावडे को उसी दिन पकड़ कर आईसीयू ले गए और वरमाला कराकर जबरन शादी करा दी।'' उन्होंने बताया कि तीन दिन बाद नलावडे महिला से सभी संपर्क खत्म कर लापता हो गया।

पुलिस ने बताया कि दो दिन पहले महिला ने नलावडे पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत बलात्कार और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निरोधक) कानून की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News