ऑफ द रिकॉर्डः गहलोत चाहते हैं प्रियंका की राज्यसभा में एंट्री!

punjabkesari.in Sunday, Feb 16, 2020 - 10:11 AM (IST)

नेशनल डेस्कः राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बारे में माना जा रहा है कि वह प्रियंका गांधी वाड्रा को राजस्थान से राज्यसभा में लाना चाहते हैं। 3 राज्यसभा सीटें खाली होने जा रही हैं जिसके लिए चुनाव अगले महीने होने हैं। कांग्रेस इनमें से 2 सीटें जीतने की स्थिति में है। प्रियंका की लोकप्रियता और करिश्माई व्यक्तित्व का इस्तेमाल करते हुए वह उन्हें राजस्थान से राज्यसभा की सीट दिलवाना चाहते हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा फिलहाल उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से के पार्टी महासचिव के तौर पर कामकाज देख रही हैं। गौरतलब है कि उन्होंने उत्तर प्रदेश पर पूरा ध्यान देने के लिए लखनऊ में शिफ्ट होने का विचार त्याग दिया है। प्रियंका ने राज्य के बाहर दिल्ली और अन्य जगहों पर भी हाल ही में चुनाव प्रचार किया है।

PunjabKesari

कहा जा रहा है कि अशोक गहलोत ने प्रियंका गांधी से मुलाकात की और इस बारे में बातचीत की। वह चाहते हैं कि प्रियंका राज्यसभा में एंट्री के जरिए और सक्रिय भूमिका निभाएं। राहुल गांधी पहले से ही लोकसभा में हैं लेकिन राज्यसभा में भाजपा का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस को एक नए चेहरे की जरूरत है। राज्यसभा में पहली पंक्ति में बैठने वाले विपक्ष के नेताओं में ज्यादातर वृद्ध हैं और प्रियंका गांधी की एंट्री से पार्टी में नई जान आएगी। 

PunjabKesari

चूंकि सोनिया गांधी अपने खराब स्वास्थ्य के कारण प्रचार आदि कार्य नहीं कर सकतीं इसलिए कांग्रेस को संसद और बाहर भाजपा का मुकाबला करने के लिए एक अतिरिक्त चेहरे की जरूरत है। सूत्रों की मानें तो गहलोत ने इस बारे में गांधी परिवार के अन्य सदस्यों से भी बात की है। ऐसी भी रिपोर्ट है कि राहुल गांधी फिर से पार्टी अध्यक्ष का पद संभाल सकते हैं।

PunjabKesari

गहलोत यह मानते हैं कि प्रियंका की एंट्री से संसद में कांग्रेस मजबूत होगी। हालांकि पार्टी के कई लोगों का मानना है कि प्रियंका को लोकसभा में आना चाहिए। हालांकि गहलोत के समर्थकों का कहना है कि इंदिरा गांधी ने पहले राज्यसभा में एंट्री ली थी और उसके बाद वे बड़ी नेता बनी थीं। गहलोत इंदिरा गांधी के मंत्रिमंडल में मंत्री रह चुके हैं। आधिकारिक तौर पर पार्टी का कोई भी नेता इस मसले पर टिप्पणी के लिए तैयार नहीं है। उनके मुताबिक इस बारे में फैसला गांधी परिवार को ही करना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News