गलवान घाटी विवाद: राहुल गांधी ने PM को कहा 'सरेंडर मोदी', भाजपा बोली- लोग सब देख रहे हैं

punjabkesari.in Sunday, Jun 21, 2020 - 03:19 PM (IST)

नेशनल डेस्कः लद्दाख सीमा पर भारत-चीन के बीच जब से विवाद शुरू हुआ है, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार मोदी सरकार पर हमलावर हैं। राहुल आए दिन ट्विटर पर केंद्र पर कोई न कोई सवाल दाग रहे हैं। वहीं रविवार को राहुल ने ट्वीट करते हुए पीएम मोदी को 'सरेंडर मोदी' तक करार दे दिया है। राहुल ने जापान टाइम्‍स में छपे एक ओपिनियन पीस को शेयर करते हुए यह टिप्‍पणी की। राहुल की टिप्पणी पर भाजपा की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया आई है। भाजपा ने कहा कि जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल राहुल कर रहे हैं, ऐसी तो दुश्मन देश भी नहीं करते। भाजपा ने मांग की कि राहुल को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

PunjabKesari

पार्टी के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता शाहनवाज हुसैन ने एक वीडियो जारी कर कहा कि 'राहुल गांधी मर्यादा तोड़ रहे हैं।' हुसैन ने अपने वीडियो में कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता राहुल गांधी मर्यादा तोड़ रहे हैं। देश का अपमान कर रहे हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सरेंडर मोदी कहना, ये देश की जनता बर्दाश्‍त नहीं करेगी। वहीं असम के सरकार में मंत्री हिमंत बिस्‍व सरमा ने अपने ट्वीट में कहा, "राहुल गांधी, आप इतने हताश हो गए हैं कि ठीक से लिख भी नहीं पा रहे। और आत्‍मसमर्पण करना गांधी-नेहरू परिवार का हॉलमार्क रहा है। 1962 में, पंडित नेहरू ने असम को लगभग दे ही दिया था। जब चीनी सेना ने बोमदिला पर कब्‍जा किया तो नेहरू ने कहा था, 'मेरा दिल असम के लिए लोगों के लिए रोता है।'

 

अकाली दल के मनजिंदर सिंह सिरसा ने राहुल को 'चाइनीज गांधी' बता दिया। भाजपा सांसद राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि 50 साल की उम्र पूरी करने के बाद इन्‍होंने ऑनलाइन ट्रोल होने की उपलब्धि हासिल कर ली है। बता दें कि इससे पहले शनिवार को भी राहुल ने मोदी सरकार पर निशाना साधा था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News