ताजा बर्फबारी से फिर ठिठुरी कश्मीर वादी

punjabkesari.in Saturday, Jan 23, 2021 - 01:22 PM (IST)

श्रीनगर: कश्मीर घाटी में श्रीनगर समेत अन्य इलाकों में शनिवार को ताजा बर्फबारी हुई। इस महीने घाटी में तीसरी बार बर्फबारी हुई है और आसमान में बादल छाए रहने की वजह से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इससे पहले कश्मीर में तीन जनवरी से लगातार चार दिन तक भारी बर्फबारी हुई थी। वहीं नौ जनवरी को मध्यम बर्फबारी हुई। 

PunjabKesari

अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग में करीब 10 इंच तक बर्फबारी हुई। उन्होंने बताया कि कुपवाड़ा में तीन इंच तथा दक्षिणी कश्मीर के काजीगुंड में एक सेमी और श्रीनगर में 0.2 सेमी बर्फबारी दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि घाटी और जम्मू क्षेत्र के ऊंचाई वाले अन्य क्षेत्रों में भी बर्फबारी की खबरें हैं। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के जवाहर सुरंग के दोनों हिस्सों में भी बर्फबारी हुई। उन्होंने बताया कि यातायात गतिविधि जारी है।

 

मौसम विभाग ने यहां बताया कि कश्मीर के मैदानी इलाकों और जम्मू के पर्वतीय इलाकों में रविवार दोपहर तक हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। वहीं जम्मू के मैदानी इलाकों में बारिश और गरज के साथ छींटे पडऩे का पूर्वानुमान लगाया गया है। विभाग ने बताया कि घाटी के दूरदराज इलाकों खास तौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की संभावना है। विभाग ने कहा कि इस महीने के अंत तक मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है।PunjabKesari

 

घाटी में आसमान में बादल छाए रहने की वजह से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है और घाटी के ज्यादातर स्थानों पर कल रात का तामपान इस मौसम के हिसाब से सामान्य दर्ज किया गया। श्रीनगर में तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि गुलमर्ग में शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। पहलगाम में तापमान शून्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

PunjabKesari

कश्मीर अभी चिल्लई-कलां की चपेट में है। यह 40 दिन की अवधि है, जिसमें कड़ाके की सर्दी पड़ती है और घाटी शीत लहर की चपेट में होती है तथा तापमान शून्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे चला जाता है। ऐसी स्थिति में यहां के जलाशयों और जल पाइपलाइन में पानी जमने लगता है। वहीं इस अवधि में बर्फबारी की संभावना खास तौर पर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सर्वाधिक होती है। चिल्लई-कलां 31 जनवरी को खत्म होगा।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Monika Jamwal

Recommended News

Related News