TMC में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा, एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Saturday, Mar 13, 2021 - 08:38 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बीजेपी के पूर्व  केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा आज तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। टीएमसी में शामिल होने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भाजपा पर जमकर भड़ास निकाली। इसी बीच, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों को लेकर  राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी अपनी जीत के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाने में जुटी हुई है। वहीं, अमरनाथ यात्रा के शेड्यूल की घोषणा हो गई है। अमरनाथ यात्रा 28 जून से शुरु होगी जो 22 अगस्त तक चल सकती है।

 पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें 

TMC में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हुए कथित हमले से गरमाई राजनीति में अब नया मोड़ आ गया है। पूर्व भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने  आज तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। पिछले काफी समय से भाजपा से नाराज चल रहे यशवंत सिन्हा ने टीएमसी का झंडा लहराते हुए पार्टी का दामन थाम लिया। टीएमसी में शामिल होने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भाजपा पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि 'प्रजातंत्र की ताकत प्रजातंत्र की संस्थाएं होती हैं। आज लगभग हर संस्था कमजोर हो गई है, उसमें देश की न्यायपालिका भी शामिल है।

जेपी नड्डा के आवास पर बंगाल बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक
विधानसभा चुनावों को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है। यहां अपनी जीत दर्ज करवाने के लिए भारतीय जनता पार्टी  एड़ी-चोटी का जोर लगाने में जुटी हुई है। चुनावों से पहली हुई हिंसा और हमले की घटनाएं इस बात की तरफ इशारा करती हैं कि भाजपा के लिए यह राह आसान होने वाली नही है।  इस बीच बंगाल बीजेपी कोर ग्रुप की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने अवास में बैठक बुलाई  है।

28 जून से भक्त कर सकेंगे बाबा बर्फानी के दर्शन
भोले की भक्तों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। अमरनाथ यात्रा के शेड्यूल की घोषणा हो गई है। अमरनाथ यात्रा 28 जून से शुरु होगी जो 22 अगस्त तक चल सकती है। कोरोना वायरस के चलते पिछले साल  यात्रा रद्द कर दी गई थी, जिसके चलते भोलेनाथ के भक्त श्री अमरनाथ गुफा के दर्शन से वंचित रह गए थे। अमरनाथ की गुफा श्रीनगर से करीब 145 किलोमीटर की दूरी हिमालय पर्वत श्रेणियों में स्थित है। समुद्र तल से 3,978 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह गुफा 150 फीट ऊंची और करीब 90 फीट लंबी है।

बंगाल चुनावः ममता 15 मार्च से फिर शुरू करेंगी चुनावी अभियान
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी पूरे जोरशोर से 15 मार्च से फिर से अपने चुनाव अभियान का आगाज करेगी। पार्टी सूत्रों ने शनिवार को बताया कि सुश्री बनर्जी 15 मार्च को पुरुलिया में चुनावी सभा को संबोधित करेगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री बांकुड़ा में 16 मार्च तथा झारग्राम में 17 मार्च को जनसभाओं को संबोधित करेंगी। नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में नामांकन और सभा को संबोधित कर लौटते समय बुधवार शाम को मची भगदड़ में बनर्जी घायल हो गयी थीं।

द्रमुक पुडुचेरी में 13 विधानसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव
द्रमुक ने शनिवार को पुडुचेरी की 13 विधानसभा सीटों की सूची जारी की जिन पर वह चुनाव लड़ेगी। द्रमुक ने इन सीटों के लिए 12 उम्मीदवारों का ऐलान भी किया है। पुडुचेरी में छह अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। द्रमुक के उम्मीदवारों की सूची में पार्टी के दो पूर्व मंत्रियों और छह नए चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने एक बयान जारी कर उरुलायनपेट्टयी, मुदलियारपेट्टई और राज भवन समेत 12 सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की।

वाराणसी के तीन दिवसीय दौरे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश की सांस्कृतिक राजधानी के तौर पर विश्व विख्यात वाराणसी के तीन दिवसीय दौरे की शुरूआत बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन के साथ की। वायुसेना के विशेष विमान से शनिवार शाम लाल बहादुर शास्त्री अंतररष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचने पर श्री कोविंद की आगवानी उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्प गुच्छ एवं शॉल भेंट कर की।

कांग्रेस से ज्यादा भ्रष्ट और कोई पार्टी नहीं, भाजपा ही करेगी गरीबों का कल्याण
केन्द्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस को सर्वाधिक भ्रष्ट पार्टी करार देते हुए लोगों से अपील की कि केन्द्र तथा राज्य की विभिन्न योजनाओं का लाभ लगातार लेते रहने के लिए वे भाजपा को वोट दें। शनिवार को असम में अपनी पहली चुनाव रैली को संबोधित कर रहीं ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने ऐसी अनेक योजनाएं शुरू की हैं जिनसे राज्य की जनता को लाभ हो रहा है।

कल दो दिवसीय असम और बंगाल दौरे पर जाएंगे अमित शाह
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह विधानसभा चुनावों के मद्देनजर रविवार से असम और पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे, जहां वह जनसभाओं के संबोधित करने के अलावा अन्य राजनीतिक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। भाजपा सूत्रों ने कहा कि शाह रविवार को असम के मार्गरीटा और नाजिरा में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह बंगाल रवाना हो जाएंगे और शाम के समय खड़गपुर में रोड शो करेंगे।

कारोबारी गौतम अडानी की बढ़ती संपत्ति को लेकर राहुल गांधी ने साधा निशाना
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एक खबर को शेयर करते हुए भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी पर निशाना साधते हुए सवाल पूछा है कि आम लोगों की संपत्ति में साल 2020 में कितना इजाफा हुआ? राहुल गांधी ने अडानी की संपत्ति में हुई बढ़ोतरी की एक खबर को शेयर करते हुए ट्वीट किया, आपकी संपत्ति में साल 2020 में कितना इजाफा हुआ? जीरो...आप जिंदा रहने के लिए संघर्ष करते हैं और वे 12 लाख करोड़ रुपये बना लेते हैं और अपनी संपत्ति में 50 फीसदी का इजाफा करते हैं।

LAC विवाद पर भारत चीन के बीच गहन विचार-विमर्श
भारत और चीन ने पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर शेष मुद्दों के समाधान को लेकर शुक्रवार को गहन चर्चा की और कहा कि पैंगोंग झील के उत्तरी व दक्षिणी किनारे से सैनिकों को पीछे हटाने के कदम ने बाकी बचे मुद्दों के जल्द समाधान की दिशा में काम करने का अच्छा आधार प्रदान किया है । विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोनों देशों ने डिजिटल बातचीत के दौरान इस बात पर सहमति व्यक्त की कि अंतरिम रूप से उन्हें जमीनी स्तर पर स्थिरता बनाए रखनी चाहिए और किसी भी अप्रिय घटना से बचना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News