विदेशी निवेशकों ने चार लाख करोड़ रुपये की निकासी की, जवाब दें प्रधानमंत्री : कांग्रेस
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 09:07 PM (IST)
नेशनल डेस्क : कांग्रेस ने विदेशी निवेशकों द्वारा भारतीय शेयर बाजार से इस साल ''करीब चार लाख करोड़ रुपये की निकासी'' का हवाला देते हुए सोमवार को केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर जवाब देना चाहिए।
पार्टी प्रवक्ता एवं पूर्व सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जनवरी से सितंबर 2026 के दौरान विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से 4.03 लाख करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी निकाली। उन्होंने दावा किया कि विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली का ऐसा सिलसिला देश के इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया।
गोहिल ने कहा कि 29 सितंबर से एक अक्टूबर के बीच तीन दिनों में ही विदेशी निवेशकों ने करीब 29,000 करोड़ रुपये की बिकवाली की। उन्होंने कहा, ''सितंबर 2024 में सेंसेक्स करीब 85,000 के स्तर पर था, जो सितंबर 2026 के अंत में घटकर करीब 72,500 पर आ गया। बाजार में सितंबर के दौरान सेंसेक्स में 5.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी।''
गोहिल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले दिए गए उन बयानों का हवाला दिया, जिनमें लोगों से शेयर बाजार में निवेश करने की अपील की गई थी। उन्होंने दावा किया कि इन बयानों पर भरोसा करके शेयर बाजार में निवेश करने वाले मध्यम वर्ग के लोगों को अब नुकसान उठाना पड़ रहा है। गोहिल ने कहा कि सरकार को देश में बढ़ते कर्ज और बेरोजगारी समेत आर्थिक संकट से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए।
