दशकों तक कांग्रेस ने अस्थिरता और नक्सलवाद को बढ़ावा दिया - प्रधानमंत्री

punjabkesari.in Tuesday, Dec 10, 2019 - 12:50 AM (IST)

बोकारो: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को आरोप लगाया कि देश में दशकों तक कांग्रेस ने अस्थिरता और नक्सलवाद को बढ़ावा दिया लेकिन भाजपा ने झारखंड को इन परिस्थितियों से बाहर निकालने का सफल प्रयास किया है। प्रधानमंत्री ने झारखंड विधानसभा के 12 दिसंबर को होने वाले तीसरे दौर के मतदान से पूर्व अपनी चुनावी सभा में यह आरोप लगाया और कहा जनता को आगाह किया कि विपक्षी गठबंधन को राज्य में फिर से अस्थिरता लाने का कोई मौका न दें। मोदी ने कहा, ‘झारखंड का मुझ पर कर्ज है और मुझे मौका दीजिए यह कर्ज उतारने का। यह तभी होगा जब आप भाजपा को बहुमत से पुनः जीत दिलाएंगे।'

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस-जेएमएम के गठबंधन और भाजपा के सेवा भाव में बड़ा अंतर है। मोदी ने सवाल किया कि स्वतंत्रता के बाद किसने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से झारखंड में सबसे ज्यादा समय तक शासन किया? उन्होंने आपके बच्चों के हितों की ना कोई चिंता की और ना परवाह। उन्होंने कहा कि भाजपा के आने के बाद सिंचाई परियोजनाओं विद्युतीकरण, सड़कों के निर्माण पर तेजी से काम चल रहा है और हर किसान परिवार के लिए सरकार की ओर से मदद दी जा रही है। 

मोदी ने कहा, “झारखंड कोयला अभ्रक सहित अन्य प्राकृतिक संपदा के लिए मशहूर है यहां की प्राकृतिक संपदा ने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। लेकिन कांग्रेस, राजद, झामुमो के शासन में सिर्फ लूट और भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा। जबकि भाजपा ने अपने पांच वर्षों के शासन में भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम किया। विकास के कार्य में भी तेजी आई है। अब राज्य को किसी के आगे हाथ फैलाने की जरूरत नहीं है।” 

प्रधानमंत्री ने दो टूक कहा कि वर्ष 2014 से पहले राज्य में जो अराजकता की स्थिति थी अब वह स्थिति नहीं है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया,‘भाजपा को मजबूत बनाएंगे तभी राज्य में निवेश के लिए कारोबार के लिए माहौल बनेगा।' उन्होंने कहा कि 2014 से पहले गिने-चुने नक्सली आत्मसमर्पण करते थे अब उनकी संख्या बढ़ गई है। भाजपा सरकार ने पुलिस में बड़ी संख्या में भर्तियां कीं साथ ही सड़क और विकास के अन्य काम के चलते लोगों में भाजपा के प्रति भरोसा बढ़ा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News