पहाड़ों में जमने लगे झरने-तालाब, उत्तर भारत में कोहरे और बर्फीली हवाओं का कहर...दिल्ली में ऑरेंज अलर

punjabkesari.in Friday, Dec 18, 2020 - 11:16 AM (IST)

नेशनल डेस्क: देश के उत्तरी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा जिसके कारण बिजिबिलटी जीरो हो गई। दिल्ली-एनसीआर और पंजाब में सड़कों पर गाड़ियां रेेंगती हुई नजर आईं। मैदानी इलाकों में प्रचंड शीत लहर जारी रही जिसके कारण ठंड लगातार बढ़ रही है। वहीं मौसम विभाग ने कहा कि अभी यह ठंड की शुरुआत है। आने वाले दिनों में कोहरे के साथ ही शीतलहर का कहर जारी रहेगा। 

PunjabKesari

ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि महीने के आखिर तक दिल्ली में पारा 2 डिग्री तक जा सकता है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में कोहरा पड़ रहा है। शुक्रवार को दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में बफीर्ली हवाओं से पारा लुढ़क कर 3 डिग्री पहुंच गया। लगातार गिर रहे तापमान और शीत लहर के कारण आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

 

PunjabKesari

दिल्ली में इस मौसम का सबसे कम तापमान
राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार ‘ठंडा दिन' रहा जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री नीचे 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। ‘ठंडा दिन' उसे कहते हैं जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम होता है। 

PunjabKesari

पहाड़ों में पारा शून्य से नीचे
मौसम विभाग की ओर से कहा गया कि जम्मू कश्मीर में इस महीने के अंत तक बहुत अधिक बर्फबारी की उम्मीद नहीं है और 21-22 दिसंबर को कश्मीर के कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में केलांग, मनाली और कल्पा में पिछले 24 घंटों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किए जाने के साथ शीत लहर की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पहाड़ी राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की कमी आई है। मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग शून्य से 8 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हुई और इसके साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। 

PunjabKesari

माउंट आबू में पारा शून्य
राजस्थान के पयर्टन स्थल माउंट आबू में पारा बुधवार रात एक बार फिर जमाव बिंदु से नीचे चला गया। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर की चेतावनी की है। विभाग के अनुसार, राज्य के गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चुरू, नागौर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर एवं भरतपुर जिले में आगामी चौबीस घंटे में कहीं-कहीं शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News