Flood in Delhi: दिल्ली में क्यों आई बाढ़? LG ने बताई वजह, जानें क्या कहा...
punjabkesari.in Tuesday, Jul 11, 2023 - 11:59 AM (IST)

नई दिल्ली: नई दिल्ली में जलभराव से जन-जीवन अस्त-व्यस्त है। वहीं इस बीच दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने इसकी असली वजह बताते हुए मंगलवार को कहा कि शहर की आबादी 2014 के बाद से 50 लाख तक बढ़ गयी है लेकिन उसके अनुरूप सीवर लाइनों और पानी की निकासी के लिए योजना नहीं बनायी गयी जिसकी वजह से, बारिश के बाद शहर में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। यमुना बाजार इलाके में यमुना नदी में पानी का स्तर बढ़ने की स्थिति का जायजा लेते हुए सक्सेना ने कहा कि अप्रत्याशित रूप से हो रही बारिश से निपटने के लिए पहले ही तैयारी कर ली जानी चाहिए थी।
उन्होंने प्रगति मैदान सुरंग, मिंटो ब्रिज और जखीरा अंडरपास का भी निरीक्षण किया जहां गत सप्ताहांत से हो रही भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया और इन जगहों को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
वहीं बता दें कि दिल्ली में शेरशाह रोड के समीप मंगलवार को सुबह सड़क का एक हिस्सा धंस गया जिससे इंडिया गेट सी-हेक्सागन पर यातायात बाधित हो गया। यातायात पुलिस ने यह जानकारी दी। दिल्ली में पिछले तीन दिन से लगातार बारिश होने के कारण कई हिस्सों में जलभराव हो गया है और वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा है। दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्विटर पर यात्रियों को सड़क धंसने की सूचना दी और उन्हें इसके अनुसार ही यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी।
दिल्ली में यमुना का जलस्तर 206 मीटर के निशान के पार
इससे पहले दिल्ली में यमुना का जलस्तर 206 मीटर के निशान को पार कर गया, जिससे बाढ़ संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने काम शुरू कर दिया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। दिल्ली में नदी का पानी अनुमान से काफी पहले सोमवार शाम को खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया था। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के बाढ़-निगरानी मंच के अनुसार, “हरियाणा द्वारा यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में अधिक पानी छोड़े जाने के कारण मंगलवार सुबह छह बजे तक ओल्ड रेलवे ब्रिज पर जलस्तर बढ़कर 206.28 मीटर हो गया। इसके मंगलवार दोपहर तक 206.65 मीटर तक बढ़ने की आशंका है। इसके बाद उम्मीद है कि नदी में पानी का स्तर धीरे-धीरे कम होता जाएगा।”