''चुनावी मेंढक आसमां देख कर निकलते हैं, तकलीफ देख कर नहीं'': गंभीर ने साधा केजरीवाल पर निशाना

punjabkesari.in Thursday, Oct 27, 2022 - 05:54 PM (IST)

नेशनल डेस्कः पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चुनावी मेंढक आसमां देख कर निकलते हैं, तकलीफ़ देख कर नहीं। दरअसल, दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने गुरुवार को गाजीपुर लैंड स्लाइड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और भाजपा पर जमकर निशाना साधा।  

गौतम गंभीर पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं और गाजीपुर लैंड स्लाइड इसी लोकसभा क्षेत्र के अंदर आती है। गौतम गंभीर ने ट्वीट कर कहा कि आठ बार बुलाने के बाद भी मुख्यमंत्री नहीं आए। चुनावी मेंढक आसमां देख कर निकलते हैं, तकलीफ़ देख कर नहीं। उन्होंने अपने ट्वीट में केजरीवाल को लिखी वो चिट्ठी भी जोड़ी है, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री को कई बार दौरा करने को कहा था।


भाजपा के सामने सत्ता बचाने की चुनौती
बता दें कि साल के अंत तक दिल्ली में नगर निगम के चुनाव होने की संभावना है। भाजपा पिछले 15 सालों से नगर निगम में सत्ता में है। ऐसे में भाजपा के सामने नगर निगम में सत्ता बचाए रखने की चुनौती है। तो वहीं आम आदमी पार्टी नगर निगम पर अपना कब्जा जमाने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में हैं।

नगर निगम की परिसीमन हुआ पूरा
दिल्ली के तीनों नगर निगमों के एकीकरण के बाद परिसीमन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। एमसीडी में परिसीमन के बाद 272 वार्ड की जगह 250 वार्ड कर दिए गए हैं। दरअसल, केंद्र सरकार ने इसी साल संसद के मानसून सत्र में दिल्ली के तीनों नगर निगमों को एक करने का कानून पास किया था। इसके बाद दिल्ली के तीनों नगर निगम एक हो गए। आम आदमी पार्टी ने इसका विरोध किया था। आप ने केंद्र पर दिल्ली के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया था।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News