पांच राज्यों में विस चुनाव के लिए EC ने किया तारीखों का ऐलान, पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Friday, Feb 26, 2021 - 08:31 PM (IST)

नेशनल डेस्क: चुनाव आयोग ने आज पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके तहत पहले चरण का मतदान 27 मार्च को होगा। पश्चिम बंगाल में मार्च में चुनाव होंगे और यहां आठ चरणों में चुनाव होंगे। सभी पांच राज्यों के चुनावों के नतीजों की घोषणा 2 मई को होगी। इसी बीच पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक बदलाव ला रही है। उन्होंने कहा कि भारत ने स्वास्थ्य क्षेत्र में न केवल नई राह बनाई है, बल्कि इस राह पर दूसरे देशों की भी मदद की है। वहीं, पश्चिम बंगाल के आठ चरणों में चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं।
पढ़ें दिनभर की 10 बड़ी खबरें
बंगाल समेत 5 राज्यों में चुनावी शखंनाद, 2 मई को आएंगे नतीजे
चुनाव आयोग ने शुक्रवार को पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान किया। सीईसी सुनील अरोड़ा ने पांचों राज्यों के चुनावों की तारीखों का ऐलान करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में मार्च में चुनाव होंगे और यहां आठ चरणों में चुनाव होंगे। सभी पांच राज्यों के चुनावों के नतीजों की घोषणा 2 मई को होगी। पांच राज्यों की 824 सीटों पर वोट डाले जाएंगे और 18 करोड़ से ज्यादा मतदाता मतदान करेंगे। चुनाव आयोग ने कहा कि कोरोना को देखते हुए गाइडलाइंस जारी की गई हैं, जिनका पांचों राज्यों की सरकारों को सख्ती से पालन करना होगा।
चेन्नई: मेडिकल के स्टूडेंट्स को PM मोदी का गुरु मंत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक बदलाव ला रही है तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) इन क्षेत्रों में बहुत पारदर्शिता लेकर आएगा। प्रधानमंत्री ने चिकित्सा क्षेत्र के विद्यार्थियों से प्रसन्नचित्त रहने और हास्य रस को बनाए रखने का आग्रह किया और कहा कि इससे मरीजों को खुश रखने के साथ-साथ उनका मनोबल बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। एमजीआर चिकित्सा विश्वविद्यालय (MGR Medical University) के 33वें दीक्षांत समारोह को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि भारत ने स्वास्थ्य क्षेत्र में न केवल नई राह बनाई है, बल्कि इस राह पर दूसरे देशों की भी मदद की है।
ममता ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही जुबानी जंग तेज हो गई है। पश्चिम बंगाल के आठ चरणों में चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। ममता ने कहा कि भाजपा के कहने पर चुनाव आयोग ने 8 चरणों में चुनाव कराए जा रहे हैं। जो भाजपा ने कहा वही चुनाव आयोग ने किया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग बंगाल को अपना समझे। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा को कोई फायदा नहीं होने वाला है।
अमित शाह रविवार को तमिलनाडु
भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को तमिलनाडु और पुडुचेरी में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। तमिलनाडु और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी के लिए निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। भाजपा के नेताओं ने बताया कि शाह तमिलनाडु और पुडुचेरी में पार्टी की सांगठनिक बैठकों में भी हिस्सा लेंगे। शाह के कार्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक वह शनिवार को तमिलनाडु जाएंगे और रविवार सुबह पुडुचेरी में कराईकल में जनसभा को संबोधित करेंगे।
बंगाल की सियासी लड़ाई...सड़क पर आई
बंगाल में जारी राजनीतिक घमासान सड़क पर उतर आया है। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाद अब बीजेपी नेता स्मृति ईरानी स्कूटी पर दिखाई दी। स्मृति ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में खुद स्कूटी चलाकर ममता सरकार के खिलाफ चुनाव प्रचार किया। उनके साथ बीजेपी नेता रूपा गांगुली और दूसरे लोग भी मौजूद थे।
राहुल और प्रियंका देश में ला सकते हैं बदलाव, उन्हे देना चाहिए एक मौका
कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने केन्द्र सरकार पर महंगाई बढने एवं किसानों की आवाज नहीं सुनने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी एवं प्रियंका देश में प्रगति एवं बदलाव लायेंगे। वाड्रा ने मोती डूंगरी गणेश मंदिर में दर्शन करने के बाद एक टीवी मीडिया से यह बात कही। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने वैश्विक महामारी कोरोना काल में बिना सोचे समझे लॉकडाउन लगा दिया। जिससे आज देश में हर दिन महंगाई बढ़ती जा रही है। इससे आम आदमी को घर चलाना मुश्किल हो गया है।
सोशल मीडिया, OTT और डिजिटल मीडिया के लिए 12 नियम
सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा सोशल मीडिया मंचों, OTT और डिजिटल मीडिया कंपनियों के लिए लागू नई गाइडलाइंस जारी की हैं। सरकार की इस नई गाइंडलाइस पर सोशल मीडिया क्षेत्र की दिग्गज कंपनी फेसबुक ने कहा कि वह हमेशा से उन नियमनों का समर्थन करती रही है, जो ‘इंटरनेट पर कठिन चुनौतियों' को हल करने के लिए दिशानिर्देश तय करते हैं। इसके साथ ही फेसबुक ने अपने मंच पर प्रयोगकर्ताओं को सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई। फेसबुक ने कहा कि वह भारत के डिजिटल बदलाव के लिए काम करती रहेगी।
राजनाथ सिंह और शाह ने बालाकोट एयर स्ट्राइक को बताया सफल
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि बालाकोट एयर स्ट्राइक की सफलता आतंकवाद के खिलाफ भारत की मजबूत इच्छाशक्ति दर्शाती है। सिंह ने ट्वीट किया कि बालाकोट एयर स्ट्राइक की वर्षगांठ पर मैं भारतीय वायु सेना के अभूतपूर्व साहस और शौर्य को सलाम करता हूं। बालाकोट एयर स्ट्राइक आतंकवाद के खिलाफ भारत की मजबूत इच्छाशक्ति दर्शाती है।
दो महिलाओं की शादी काे नहीं दे सकते मान्यता
भारत में विवाह दो व्यक्तियों के बीच महज मिलन नहीं है, बल्कि यह जैविक पुरुष और जैविक स्त्री के बीच एक संस्था है। केंद्र सरकार ने दिल्ली उच्च न्यायालय में समलैंगिक विवाह का विरोध करते हुए यह बात कही। सरकार ने कहा कि न्यायिक हस्तक्षेप से पर्सनल लॉ का नाजुक संतुलन पूरी तरह छिन्न-भिन्न हो जाएगा। मौलिक अधिकारों का विस्तार कर इसमें समलैंगिक विवाहों के मौलिक अधिकार को शामिल नहीं किया जा सकता।
फसल बर्बाद के बाद अब टिकैत की गोदाम तोड़ने की धमकी
केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के तहत किसान नेता राकेश टिकैत गुरुवार को राजस्थान के करौली जिले में महापंचायत में शामिल हुए। इस महापंचायत में हजारों किसान जुटे हुए थे। टिकैत ने इस दौरान किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जल्द 40 लाख ट्रैक्टरों के साथ हम संसद की तरफ कूच करेंगे। टिकैत ने कहा कि हमारा अगला टारगेट अनाज के गोदाम हैं। टिकैत ने कहा कि अब अनाज के गोदाम तोड़े जाएगा। सरकार अगर इनका अधिग्रहण कर सकती है तो कर ले वर्ना व्यापारियों के गोदाम टूटेंगे
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
Recommended News
J&K : टीवी एक्ट्रेस आमरीन भट्ट की हत्या करने वाले दोनों आतंकी ढेर, 3 दिन में 10 आतंकवादियों का सफाया

Recommended News

Shukra Pradosh Vrat 2022: सुख-सौभाग्य में वृद्धि के लिए भोले बाबा पर चढ़ाएं ये वस्तु

Somvati Amavasya: दरिद्रता दूर करने के लिए सोमवती अमावस्या पर इस विधि से करें स्नान

भारतीय नौसेना के सर्वेक्षण पोत ‘निर्देशक’ का जलावतरण किया गया

देश में कोविड-19 के 2,710 नए मामले, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 15,814 हुई