देहरादून में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, बुजुर्ग दंपति समेत महिला पर पेचकस से हमला

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 08:30 PM (IST)

नेशनल डेस्क : देहरादून के रायपुर क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े एक तिहरे हत्याकांड में एक बदमाश ने घर में घुसकर एक बुजुर्ग दंपति तथा उनके बचाव में आयी एक महिला की कथित तौर पर पेचकस से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, घटना दोपहर को तपोवन रोड पर विष्णुलोक कॉलोनी में हुई जहां आर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त हुए रमेश कपूर (80) और उनकी पत्नी रजनी कपूर (76) अकेले रहते थे।

पुलिस के अनुसार रजनी कपूर पूर्व में अंग्रेजी की शिक्षिका थीं। वहीं इस घटना के बाद कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि इस घटना से पूरा प्रदेश दहल गया है और आम लोगों का पुलिस तथा राज्य सरकार से भरोसा डगमगा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदमाश ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति पर कथित रूप से पेचकस से हमला करके उन्हें लहूलुहान कर दिया।

पुलिस के अनुसार उनकी चीखें सुनकर सामने के घर में काम करने वाली महिला शीला उनके घर पहुंची तो बदमाश ने उस भी हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस के मुताबिक पड़ोसियों की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां तीनों की मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि घटना की छानबीन शुरू कर दी गयी है। उन्होंने बताया कि मृतक दंपति के दिल्ली और पुणे में रहने वाले दोनों बेटों को घटना की सूचना दे दी गयी है।

पड़ोसियों ने बताया कि घटना के बाद मचे शोर के बीच कुछ लोगों ने पीछा करके बदमाश को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं जिनमें प्रथमदृष्टया एक संदिग्ध का पता चला है। उन्होंने कहा कि उससे पूछताछ करके घटना के पीछे का कारण जानने का प्रयास किया जा रहा है। डोबाल ने कहा कि घटना का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।

उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य में अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि देहरादून में वरिष्ठ भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर हुई लूट के एक सप्ताह के भीतर लूट के इरादे से तिहरे हत्याकांड की घटना अपराधियों के बढ़े मनोबल और पुलिस की नाकामी का "ज्वलंत उदाहरण" है।

धस्माना ने देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल से कानून व्यवस्था को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को गंभीरता से उठाएगी और बुधवार को प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तथा मुख्य सचिव से मुलाकात करके पार्टी की ओर से मांग पत्र सौंपेगी। धस्माना ने कहा कि सरकार को प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बहाल करना चाहिए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News