गोवा में नई सरकार बनाने की कोशिशें तेज, 13 मार्च को हो सकती है विधायक दल की बैठक

punjabkesari.in Saturday, Mar 12, 2022 - 09:47 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गोवा विधायक दल की बैठक 13 मार्च 2022 को होने की संभावना है। यह बैठक शनिवार को होनी थी मगर कुछ कारणों से नहीं हो सकी। एक भाजपा नेता ने यूनीवार्ता को बताया, ‘‘बैठक कल होने की संभावना है।'' इसी बीच केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किये गए हैं। केंद्रीय पर्यवेक्षक विधायक दल के नेता का चुनाव करने के लिए पार्टी के नवनिर्वाचित 20 विधायकों से मिलेंगे। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद भाजपा राज्य में सरकार बनाने का दावा करेगी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई को अपना इस्तीफा दिया था। राज्यपाल ने उन्हें फिलहाल कार्यवाहक मुख्यमंत्री नियुक्त किया है।

सरकार ने एक बयान में कहा, ‘‘ गोवा के राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई ने मुख्यमंत्री डॉ प्रमोद सावंत का इस्तीफा लेने के बाद उनसे वैकल्पिक व्यवस्था होने तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालने के लिए कहा है।''  भाजपा ने गोवा विधानसभा की 40 में से 20 सीटें जीती हैं। पार्टी को महाराष्ट्र गोमंतक पार्टी (एमजीपी) के दो और तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी प्राप्त है। भाजपा 2012 से गोवा में राज कर रही और इस बार लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। गोवा विधानसभा का कार्यकाल 16 मार्च 2022 को समाप्त हो रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News