दिल्ली की हवा फिर हुई खराब, AQI 245 तक पहुंचा...मौसम विभाग ने कहा- और बिगड़ेंगे हालात

punjabkesari.in Sunday, Nov 29, 2020 - 02:27 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता रविवार को ‘खराब' श्रेणी में रही। तापमान में गिरावट आने तथा हवा की गति धीमी होने के बीच गुणवत्ता के और खराब होने की आशंका है। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) सुबह 9 बजे 245 रहा। शनिवार को 24 घंटे का औसत AQI 231, शुक्रवार को 137, गुरुवार को 302 और बुधवार को 413 रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को हवा की अधिकतम गति 15 किलोमीटर प्रति घंटे रही, रविवार और सोमवार के इसके 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। रविवार को हवा की गति मंद पड़ने का अनुमान व्यक्त किया गया है, इसलिए दिल्ली की वायु गुणवत्ता के और खराब होने और इसके ‘खराब' से ‘बेहद खराब' रहने की आशंका है।

 

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं अधिकतम तापमान के 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फसलों की कटाई का सीजन खत्म होने के साथ दिल्ली के प्रदूषण में पराली जलने की हिस्सेदारी भी काफी कम हुई है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली ‘सफर' के मुताबिक शनिवार को दिल्ली के पीएम-2.5 स्तर में पराली जलाने की हिस्सेदारी चार प्रतिशत रही। वहीं चार दिन की राहत के बाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) की आबोहवा फिर से खराब होनी शुरू हो गई है। प्रदूषण सूचकांक ऐप समीर के अनुसार रविवार सुबह गाजियाबाद में AQI 273, नोएडा में AQI 248, ग्रेटर नोएडा में 252, हापुड़ में 139, फरीदाबाद में 146, गुरुग्राम में 230, आगरा में 237,बल्लभगढ़ में 156, भिवानी में 277 और मेरठ में AQI 289 रहा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News