दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने मौजपुर प्ले स्कूल घटना का लिया संज्ञान, स्कूल सील करने की कार्रवाई शुरू
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 06:11 PM (IST)
नेशनल डेस्क : दिल्ली सरकार ने यमुनापार के मौजपुर इलाके में स्थित एक प्ले स्कूल में साढ़े तीन साल के बच्चे के साथ कथित तौर पर मारपीट की घटना का संज्ञान लेते हुए विद्यालय को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली सरकार ने मौजपुर के एक प्ले स्कूल से सामने आई बेहद परेशान करने वाली घटना पर गंभीरता से संज्ञान लिया है। इसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर जिलाधिकारी (डीएम) ने स्कूल परिसर को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्ट के मुताबिक, मामले में पुलिस जांच भी की जा रही है।
सीएमओ ने कहा कि दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि जिम्मेदारी तय हो और दोषी पाए जाने वालों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई हो। परिवार का आरोप है कि बच्चे को कई घंटों तक कुर्सी से बांधकर रखा जाता था। सोशल मीडिया पर सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बच्चे को कथित रूप से कुर्सी से बांधे जाने, कान खींचे जाने और उसके साथ मारपीट होती नजर आ रही है।
