Cyclone Tauktae: मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट, 580 कोरोना मरीजों को किया गया शिफ्ट

punjabkesari.in Sunday, May 16, 2021 - 02:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने मुंबई से ‘तौकते' चक्रवाती तूफान गुजरने की भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी के मद्देनजर 580 मरीजों को covid-19 देखभाल केंद्रों से शिफ्ट कर दिया। BMC के एक अधिकारी ने बताया कि नगर निकाय ने covid देखभाल केंद्रों से 580 मरीजों- बीकेसी से 243, दहिसर से 183 और मुलुंड से 154- को मुंबई के राज्य सरकार और नगर निकाय द्वारा संचालित अस्पतालों में शनिवार रात शिफ्ट कर दिया। IMD ने घोषणा की कि चक्रवात रविवार रात तक शहर से गुजर सकता है। इसी के मद्देनजर अधिकारी ‘बांद्रा-वर्ली सी लिंक' एहतियातन बंद करने की संभावना पर भी विचार कर रहे हैं।

 

BMC ने शुक्रवार को शहर के अस्पतालों को सतर्क किया था कि बिस्तरों और ऑक्सीजन उपकरणों की उपलब्धता को लेकर अंतिम समय में कोई अव्यवस्था नहीं हो। अधिकारी ने बताया कि मुंबई में उपनगरीय रेल सेवा रविवार को जारी रहेगी। IMD ने शनिवार को कहा था कि ‘तौकते' और मजबूत हो गया है और यह गुजरात तट एवं केंद्र शासित प्रदेश दमन-दीव एवं दादरा-नगर हवेली तट की ओर बढ़ रहा है।

 

IMD ने कहा था कि तूफान के शनिवार देर रात तक ‘‘बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान'' में तब्दील होने की संभावना है। विभाग ने कहा था कि इसके उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने और 18 मई की दोपहर के आसपास पोरबंदर और नलिया के बीच गुजरात तट को पार करने की संभावना है। IMD ने कहा था कि तूफान के शनिवार देर रात या रविवार तड़के मुंबई से कुछ दूरी से गुजरने की संभावना है, इसलिए अधिक नुकसान होने की आशंका नहीं है, लेकिन मुंबई, ठाणे और पालघर में तेज हवाएं चल सकती हैं और भारी बारिश हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News