माकपा ने यदि कांग्रेस से हाथ मिला लिया तो भी वह मोदी सरकार को गिरा नहीं पाएगी :केरल भाजपा

punjabkesari.in Wednesday, Apr 06, 2022 - 05:48 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भाजपा की केरल इकाई ने बुधवार को कहा कि माकपा ने आम चुनाव के दौरान यदि कांग्रेस से हाथ मिला लिया, तो भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत केंद्र सरकार गिराने की उसकी इच्छा पूरी नहीं होगी। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ एक व्यापक धर्मनिरपेक्ष गठबंधन की जरूरत पर जोर दिये जाने की पृष्ठभूमि में भाजपा का यह बयान आया है।

भाजपा के प्रदेश प्रमुख के. सुरेंद्रन ने यहां कहा कि भाजपा लोकसभा में 301 सीटों और राज्यसभा में 101 सीटों के साथ विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है, लेकिन देश में कभी व्यापक स्तर पर मौजूदगी रखने वाले वाम दल सिमट कर बस केरल तक रह गये हैं। उन्होंने भाजपा के 42वें स्थापना दिवस समारोहों के सिलसिले में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में यह कहा। सुरेंद्रन ने कहा कि माकपा (राष्ट्रीय स्तर पर) भाजपा को हराने में सक्षम नहीं होगी, भले ही वह कांग्रेस से हाथ क्यों ना मिला ले।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस पार्टी कहती है कि भाजपा मुख्य प्रतिद्वंद्वी है। लेकिन वह पश्चिम बंगाल में अपने कार्यकर्ताओं को समझा नहीं पा रही है, जहां माकपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गुंडों के हमलों से बचने के लिए भाजपा कार्यालय में शरण ले रहे हैं।'' उन्होंने दावा किया कि कभी पूरे देश पर शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी अब तहस-नहस हो गई है, वहीं प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता दिन ब दिन बढ़ रही है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News