आज से बदलेगा देश का मौसम, जल्द होगी मानसून की वापसी की शुरुआत

punjabkesari.in Monday, Sep 28, 2020 - 11:24 AM (IST)

नेशनल डेस्कः मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो दिनों में उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों से लौटने वाला है। भारत मौसम विभाग के मुताबिक  सोमवार से पश्चिमी राजस्थान से मानसून हटना शुरू हो जाएगा। उत्तर-पश्चिम भारत का अधिकांश भाग शुष्क मौसम वाला दिखाई देगा। इस साल आईएमडी द्वारा निर्धारित नई सामान्य तिथि की तुलना में मानसून वापसी की शुरुआत 11 दिनों की देरी से हुई है। मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान और आसपास के इलाकों से मानसून की वापसी के लिए अनुकूल स्थिति बन रही है। देश में बारिश का मौसम एक जून से 30 सितंबर तक माना जाता है। इस बार मानसून एक जून को केरल पहुंचा था।

 

जून में सामान्य से 17 प्रतिशत अधिक बारिश हुई, जबकि जुलाई में 10 प्रतिशत कम बारिश हुई। हालांकि अगस्त में सामान्य से 27 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई। उत्तर भारत के दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर में कम बारिश हुई। लद्दाख में भी इस बार कम बारिश हुई। पश्चिम और दक्षिण भारत में गुजरात, गोवा, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में ज्यादा बारिश हुई। पिछले साल तक, वापसी की शुरुआत के लिए सामान्य तारीख 1 सितंबर और 15 अक्तूबर को पूरी तरह से वापसी की तारीख निर्धारित किया था।

 

IMD की नई शुरुआत की तारीखों की गणना IMD पुणे में वैज्ञानिकों ने 1961 से 2019 के मानसून डेटा के विश्लेषण के आधार पर की थी और वापसी की तारीख 1971 से 2019 के डेटा पर आधारित है। वहीं, असम में बाढ़ से नौ जिलों में 2.25 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। असम में पिछले कुछ दिनों से बारिश के कारण इस साल तीसरी बार राज्य को बाढ़ की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के मुताबिक, नगांव जिले के कमपुर में एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। इसके साथ ही इस साल राज्य में बाढ़ संबंधी घटनाओं में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 118 तक पहुंच गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News