कोरोना का कोहराम:24 घंटे में 1.69 लाख केस, 904 की मौत...रेमडेसिविर इंजेक्शन के निर्यात पर रोक

punjabkesari.in Monday, Apr 12, 2021 - 11:11 AM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत में कोरोना वायरस की जो लहर चल रही है वो कहर बन कर लोगों पर बरस रही है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के करीब 1.69 लाख केस सामने आए हैं। वहीं बीते 24 घंटे में 904 लोगों की मौत हुई है। फरवरी में जहां देश में कोरोना के मामले हर रोज़ 10 हजार तक आ रहे थे वहीं मार्च में वो आंकड़ा एक लाख प्रतिदिन तक पहुंचा लेकिन अप्रैल तो और भी डरा रहा है। अप्रैल में अब हर दिन  1.50 लाख से अधिक केस दर्ज किए जा रहे हैं। यह तीसरा दिन है जब 24 घंटे में डेढ़ लाख से अधिक मामले आए हैं।

PunjabKesari

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 92,922 बढ़कर 12 लाख के पार पहुंच गए है। देश में 1,68,912 नये मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 35 लाख 27 हजार 717 हो गई है। वहीं इस दौरान 75,086 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर अब तक 1,21,56,529 मरीज कोरोनामुक्त भी हो चुके हैं। 904 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,70,179 हो गई है। देश में रिकवरी दर आंशिक घटकर 89.86 फीसदी और सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 8.88 प्रतिशत हो गया है जबकि मृत्युदर घटकर 1.26 फीसदी रह गई है।

PunjabKesari

महाराष्ट्र कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर है और राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 28,937 बढ़कर 5,67,097 हो गई है। इस दौरान राज्य में 34,008 और मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 2782161 पहुंच गई है जबकि 349 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 57987 हो गया है। महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कोरोना से सबसे ज्यादा बुरे हाल हैं। इतना ही नहीं छत्तीसगढ़ भी कोरोना के बढ़ते मामलों में पीछे नहीं है। दिल्ली में जहां एक दिन में 10 हजार से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं वहीं महाराष्ट्र में 50 हजार से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। 

PunjabKesari

देश में ‘टीका उत्सव'
देश में ‘टीका उत्सव' के पहले दिन रविवार शाम तक 27 लाख से ज्यादा covid-19 टीके की खुराक दी गई हैं। इसके साथ ही देश में अब तक टीके की 10,43,65,035 खुराक दी जा चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। देश में 11-14 अप्रैल के बीच चल रहे कोरोना टीकाकरण अभियान को ‘टीका उत्सव' नाम दिया गया है। covid-19 के बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में मुख्यमंत्रियों के साथ वार्ता में चार दिवसीय ‘टीका उत्सव' का प्रस्ताव दिया था जिसकी शुरुआत ज्योतिबा फुले की जयंती से शुरू होकर बी आर आंबेडकर की जयंती तक चलनी है।

PunjabKesari

रेमडेसिविर इंजेक्शन के निर्यात पर रोक
केंद्र ने covid-19 के मामलों में वृद्धि के कारण रेमडेसिविर की मांग बढ़ने के मद्देनजर रविवार को कहा कि वायरस रोधी इंजेक्शन और इसके लक्षित प्रभाव देने के लिए इसमें इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री (एपीआई) के निर्यात पर स्थिति में सुधार होने तक रोक लगा दिया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इसके अलावा दवा की आसानी से उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए रेमडेसिविर के सभी घरेलू निर्माताओं को अपने विक्रेताओं और वितरकों की जानकारी अपनी वेबसाइट पर प्रदर्शित करने की सलाह दी गई है। कुछ राज्यों से दवा की कमी पड़ने की खबरें हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News