देश में कोरोना की बेलगाम रफ्तार: पिछले 24 घंटे में 1.59 लाख नए मामले, Omicron के कुल 3623 केस

punjabkesari.in Sunday, Jan 09, 2022 - 11:34 AM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के 552 नए मामले सामने आने के बाद देश के 27 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में अब तक संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 3,623 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। मंत्रालय के सुबह आठ बजे के जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,59,632 नए मामले सामने आए, जो पिछले 224 दिन में सामने आए सर्वाधिक दैनिक मामले हैं।

 

देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 5,90,611 हो गई है, जो करीब 197 दिन में सर्वाधिक है। इससे पहले पिछले साल 29 मई को संक्रमण के 1,65,553 मामले सामने आए थे। देश में पिछले 24 घंटे में 327 लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,83,790 हो गई है।

 

ओमिक्रोन के कुल 3,623 मामले
ओमिक्रोन के 3,623 मामलों में से 1,409 लोग या तो देश से बाहर चले गए हैं या स्वस्थ हो गए हैं।

  • महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के सर्वाधिक 1,009 मामले सामने आए। 
  • इसके बाद दिल्ली में 513
  • कर्नाटक में 441
  • राजस्थान में 373
  • केरल में 333 
  • गुजरात में 204 मामले सामने आए। 

 

मंत्रालय ने बताया कि covid-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 5,90,611 हो गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का 1.66 प्रतिशत है। covid-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर गिरकर 96.98 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों में संक्रमण का इलाज करा रहे लोगों की संख्या में 1,18,442 मामलों की वृद्धि हुई है। मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण की दैनिक दर 10.21 प्रतिशत दर्ज की गई जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 6.77 प्रतिशत दर्ज की गई।

 

covid-19 से स्वस्थ हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 3,44,53,603 हो गई है जबकि मृत्यु दर 1.36 प्रतिशत दर्ज की गई। देशव्यापी covid-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 151.58 करोड़ से अधिक खुराकें दी गई हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News