दिल्ली की जेलों में कोरोना: अब तक 66 कैदी और 48 कर्मचारी पॉजिटिव, सभी आइसोलेट

punjabkesari.in Tuesday, Jan 11, 2022 - 11:00 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली के तीन जेलों में 66 कैदी और 48 कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। दिल्ली जेल के महानिदेशक संदीप गोयल ने कहा कि किसी भी संक्रमित की हालत गंभीर नहीं है। हम covid-19 संबंधी सभी एहतियाती कदम उठा रहे हैं। जेल प्राधिकारियों द्वारा शेयर किए गए आंकड़ों के अनुसार, सोमवार तक संक्रमित पाए गए 66 कैदियों में से 42 तिहाड़ और 24 मंडोली जेल में हैं। संक्रमित पाए गए 48 कर्मचारियों में से तिहाड़ के 34, मंडोली जेल के आठ और रोहिणी जेल के छह कर्मचारी हैं। प्राधिकारियों ने बताया कि तिहाड़, मंडोली और रोहिणी जेल परिसर में संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कारागार डिस्पेंसरी को ‘कोविड देखभाल केन्द्र' में तब्दील कर दिया गया है।

 

तिहाड़ में स्थापित एक ऑक्सीजन संयंत्र भी जल्द काम करना शुरू कर देगा। उन कैदियों के लिए कई ‘मेडिकल आइसोलेशन सेल' स्थापित किए गए हैं, जिनमें संक्रमण के मामूली लक्षण हैं। वहीं, जिन मरीजों में संक्रमण का कोई भी लक्षण नहीं है, उनके लिए कारागार परिसर में ही अलग से ‘आइसोलेशन होम' बनाए गए हैं। प्राधिकारियों ने बताया कि तिहाड़ में 120 बिस्तरों का और मंडोली में 48 बिस्तरों का ‘कोविड देखभाल केन्द्र' बनाया गया है।

 

जेल प्रशासन ने बताया कि कैदियों और कर्मचारियों की देखभाल के लिए उन्होंने चार समितियों का गठन किया है। प्राधिकारियों ने बताया कि जहां तक संभव हो, कर्मचारी और कैदी सामाजिक दूरी बनाए रख रहे हैं। कैदियों को अधिकतर समय उनके वार्ड से बाहर नहीं आने दिया जा रहा और covid-19 संबंधी नियमों की जानकारी देने के लिए नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, सात जनवरी तक दिल्ली के तीन कारागार में कुल 18,528 कैदी थे। इनमें से तिहाड़ में 12,669, मंडोली में 4,018 और रोहिणी में 1,841 कैदी थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News