गोवा चुनाव: राहुल गांधी का वादा- कांग्रेस सत्ता में आई तो गरीबों को हर महीने देंगे 6 हजार रुपये

punjabkesari.in Friday, Feb 04, 2022 - 08:27 PM (IST)

नेशनल डेस्क: गोवा विधानसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियां चुनाव प्रचार में जुटी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी राज्य के दौरे पर हैं। उन्होंने आज शाम संकेलिम में एक वर्चुअल रैली को संबोधित किया। उन्होंने घोषणा किया कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो न्याय योजना के तहत गरीब परिवारों को 6 हजार रुपए प्रति महीना सहायता के तौर पर दी जाएगी। 72,000 रुपए साल के आपके बैंक अकाउंट में दिए जाएंगे। गांधी ने कहा, ‘‘हम गोवा के साथ-साथ पूरे देश को एकजुट करना चाहते हैं।'' उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार को दोषी ठहराते हुए कहा कि यह सरकार राज्य में हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि इस बार के चुनाव में कांग्रेस किसी भी दलबदलू नेता को टिकट नहीं दिया है।

जनसभा को संबोधित करते हुए गांधी ने लोगों से अपना वोट बर्बाद न करने के लिए कहा क्योंकि मुकाबला केवल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच है। उन्होंने कहा, ‘‘कृपया आप अपना मत खराब नहीं करें क्योंकि यह आपके लिए नुकसान होगा। यहां मुकाबला केवल कांग्रेस और भाजपा के बीच है। अन्य दल महत्वपूर्ण नहीं है।''  कांग्रेस नेता ने कहा राज्य में अगली सरकार भाजपा की तरह एकपक्षीय फैसले नहीं लेगी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि अगर गोवा में कांग्रेस सरकार बनाती है तो वह राज्य के लोगों की सरकार बनाएगी न कि कांग्रेस की। भाजपा सरकार जो करना चाहती है, वह करती है। वह एकतरफा फैसले लेती है। हम निर्णय लेने से पहले आपसे सलाह लेंगे। हम गोवा को कोयला का केंद्र नहीं बनने देंगे।'' 

भाजपा पर हमला
उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि केंद्र में भाजपा ने नोटबंदी, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की शुरूआत और तीन कृषि कानूनों जैसे फैसले लिए और सभी दोषपूर्ण थे। गांधी ने कहा,‘‘नोटबंदी के कारण छोटे व्यापारी खत्म हो गए, गरीब लोग बुरी तरह प्रभावित हुए। बड़े उद्योगपतियों के कर माफ कर दिए गए जबकि गरीब लोग लंबी कतारों में खड़े रहे। जल्दबाजी में जीएसटी लागू किया गया। विवादास्पद कृषि कानूनों के कारण किसानों को साल भर विरोध करना पड़ा।'' उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार गरीबों तथा छोटे व्यपारियों की होगी।

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी गोवा के एकदिवसीय दौरे पर हैं। इससे पहले वह दक्षिण गोवा के मोरमुगाओ विधानसभा में घर-घर जाकर प्रचार किया था। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवारों तथा पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। इस बार गोवा में कांग्रेस 37 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है तथा उनके सहयोगी दल गोवा फॉरवार्ड पार्टी ने तीन सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। गोवा में एक चरण में 14 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News