कांग्रेस नेता एके एंटनी बोले- कांग्रेस को कम मत आंकिए, वह वापसी करेगी

punjabkesari.in Wednesday, Apr 27, 2022 - 05:44 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी ने बुधवार को दावा किया कि कांग्रेस की मुख्य भूमिका के बिना दिल्ली में केंद्र सरकार में बदलाव के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि नेहरू-गांधी परिवार कांग्रेस के लिए ऊर्जा का मुख्य स्रोत और मार्गदर्शन करने वाली ताकत है। पूर्व रक्षा मंत्री ने दावा किया कि नेहरू-गांधी परिवार के बिना देश के 99 प्रतिशत कार्यकर्ताओं को कांग्रेस स्वीकार नहीं होगी।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘कांग्रेस को कमतर मत आंकिए। वह वापसी करेगी। कांग्रेस की भूमिका के बिना दिल्ली में सरकार के बदलाव के बारे में आप सोच नहीं सकते।'' लंबे समय तक कांग्रेस के संगठन और सरकार में अहम भूमिका निभाने वाले एंटनी अब अपना कार्यक्षेत्र अपने गृह राज्य केरल को बना रहे हैं। हाल ही में उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से आग्रह किया था कि उन्हें अब राज्यसभा का उम्मीदवार नहीं बनाया जाए। 

इससे एक दिन पहले चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कांग्रेस में शामिल होने के पार्टी नेतृत्व के प्रस्ताव को मंगलवार को ठुकरा दिया और कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी में घर कर गई ढांचागत समस्याओं को दूर करने के लिए उनसे ज्यादा जरूरी यह है कि कांग्रेस में नेतृत्व और सामूहिक इच्छाशक्ति हो। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किशोर को कांग्रेस के ‘विशेषाधिकार प्राप्त कार्य समूह -2024' का हिस्सा बनकर पार्टी में शामिल होने की पेशकश की थी।

गौरतलब है कि प्रशांत किशोर ने पिछले दिनों कांग्रेस नेतृत्व के समक्ष पार्टी को मजबूत करने और अगले लोकसभा चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में विस्तृत प्रस्तुति दी थी। उनके सुझावों पर विचार करने के लिए सोनिया गांधी ने आठ सदस्यीय समिति का गठन किया था।

सूत्रों ने बताया कि किशोर ने सुझाव दिया कि उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा जैसे कुछ राज्यों में कांग्रेस को नए सिरे से अपनी रणनीति बनानी चाहिए और इन प्रदेशों में गठबंधन से परहेज करना चाहिए। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, अपनी प्रस्तुति में प्रशांत किशोर ने यह भी कहा था कि कांग्रेस को लगभग 370 लोकसभा सीट पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल एवं तमिलनाडु में गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News