देश के 20 राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों में पूर्ण, छह में आंशिक लॉकडाउन

punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2020 - 09:44 PM (IST)

नई दिल्लीः देश के 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने कोरोना वायरस के चलते अपने-अपने यहां पूर्ण लॉकडाउन के आदेश दिए हैं और छह अन्य राज्यों ने भी अपने कुछ क्षेत्रों में इसी तरह के प्रतिबंधों की घोषणा की है। केंद्र सरकार ने राज्यों से यह भी कहा है कि यदि जरूरी हो तो अतिरिक्त प्रतिबंध भी लागू किए जाएं। पंजाब और महाराष्ट्र ने अपने यहां कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को कहा, ‘‘20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने पूर्ण लॉकडाउन के आदेश जारी किए हैं।’’ उन्होंने कहा कि छह अन्य राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने भी अपने कुछ क्षेत्रों में लॉकडाउन लागू किया है।
PunjabKesari
देश में 28 राज्य और आठ केंद्रशासित प्रदेश हैं। तीन अन्य राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने कुछ गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्देश जारी किया है जिससे कि बड़ी संख्या में लोग एकत्र न हो सकें। लॉकडाउन के आदेश के बावजूद लोगों के बाहर घूमने के कारण पंजाब और महाराष्ट्र के बाद पुडुचेरी ने भी कर्फ्यू के आदेश जारी किए हैं जिससे कि लोग बाहर न निकल सकें।
PunjabKesari
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य सरकारों से अपील की है कि वे कोरोना वायरस के मद्देनजर लॉकडाउन का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं क्योंकि कई लोग कदमों को गंभीरता से नहीं ले रहे। उन्होंने हिन्दी में ट्वीट किया, ‘‘लॉकडाउन को अभी भी कई लोग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कृपया करके अपने आपको बचाएं, अपने परिवार को बचाएं, निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। राज्य सरकारों से मेरा अनुरोध है कि वो नियमों और कानूनों का पालन करवाएं।’
PunjabKesari
अन्य अधिकारी ने कहा कि केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने उन राज्यों के पुलिस महानिदेशकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की जहां लॉकडाउन लागू किया गया है। भल्ला ने पुलिस महानिदेशकों से कहा कि वे लॉकडाउन के आदेश का कड़ाई से पालन कराएं। यह बैठक इन खबरों के मद्देनजर हुई कि अनेक लोग कोरोना वायरस के चलते जारी किए गए निषेधाज्ञा के आदेशों के बावजूद घरों से बाहर घूम रहे हैं।
PunjabKesari
केंद्र और राज्य सरकारों ने रविवार को लगभग उन 80 जिलों में लॉकडाउन की घोषणा की जहां कोविड 19 का कम से कम एक मामला सामने आया है। इस बीच, मंत्रिमंडल सचिव राजीव गौबा ने राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर आग्रह किया कि वे स्थिति पर हर समय नजर रखें। गौबा ने कहा कि यदि जरूरी हो तो अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं और सभी मौजूदा प्रतिबंध कड़ाई से लागू किए जाने चाहिए। मंत्रिमंडल सचिव ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से कहा कि आदेशों के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News