मौसम विभाग का अलर्ट-दिल्ली में अगले 4 दिन तक चल सकती है शीतलहर, बढ़ेगी ठिठुरन

punjabkesari.in Tuesday, Dec 22, 2020 - 03:31 PM (IST)

 

नेशनल डेस्क: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि अगले चार दिन तक दिल्ली में शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है और न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। उसने कहा कि इस दौरान मध्यम से लेकर घना कोहरा छाने की भी संभावना है। IMD ने कहा कि सफदरजंग वेधशाला ने बताया कि मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वेधशाला ने रविवार को न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान था। पश्चिमी विक्षोभ के हिमालय के ऊंचाई वाले इलाकों को प्रभावित करने के कारण सोमवार को न्यूनतम तापमान मामूली बढ़ोतरी के साथ 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

 

वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम के अनुमान से संबंधित एक निजी एजेंसी 'स्काईमेट वैदर' में विशेषज्ञ महेश पलावत ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के मंगलवार को खत्म होने के बाद तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान है।

 

पलावत ने बताया कि एक और पश्चिमी विक्षोभ 26 दिसम्बर से हिमालय के ऊंचाई वाले इलाकों को प्रभावित कर सकता है। मौसम विभाग मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम अथवा लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहने पर शीतलहर की घोषणा करता है। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली जैसे छोटे इलाकों में अगर एक दिन भी तापमान तय मानदंडों के अनुसार रहता है तो शीतलहर की घोषणा की जा सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News