नए साल पर ठंड का टॉर्चर, दिल्ली में 1 डिग्री तक लुढ़का पारा....15 साल में सबसे कम तापमान

punjabkesari.in Friday, Jan 01, 2021 - 11:51 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत के कई इलाकों में शुक्रवार को घना कोहरा छाया रहा और कई इलाकों में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। नए साल के जश्न में सर्दी भी अपने तेवर दिखा रही है। साल 2021 के पहले दिन दिल्ली में पारा 1.1 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। IMD के कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि सफदरजंग और पालम में सुबह 6 बजे घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी शून्य हो गई. घने कोहरे के कारण जिसके कारण यातायात की रफ्तार भी प्रभावित हुई। पिछले 15 साल में यह सबसे कम तापमान है।

PunjabKesari

वहीं दिल्ली के अलावा पंजाब के भी कई इलाकों में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। पंजाब में सुबह घनी धुंध के कारण बिजीविलटी भी जीरो रही। बता दें कि दिल्ली में 8 जनवरी 2006 को न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। वहीं पिछले साल सबसे कम टेंपरेचर 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। कड़ाके की ठंड के बावजूद भी नए साल के स्वागत मे कोई कमी नहीं आई है। लोग सुबह से ही मंदिरों और गुरुद्वारों में नया साल मनाने पहुंचे। 

PunjabKesari

J&K में ‘चिल्लई कलां' 
जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तापमान शून्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जबकि उससे एक दिन पहले न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। काजीगुंड में शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान रहा। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया। कश्मीर में ‘चिल्लई कलां' की अवधि चल रही है और 40 दिनों की इस अवधि में भीषण ठंड पड़ती है। तापमान गिरने से प्रसिद्ध डल झील समेत घाटी के विभिन्न भागों में जलापूर्ति की पाइपलाइनों में पानी जम जाता है। अधिकारियों ने बताया कि इस अवधि में बर्फबारी के आसार भी रहते हैं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी होती है। ‘चिल्लई कलां' की अवधि 21 दिसंबर से शुरू हुई थी और यह 31 जनवरी को खत्म होगी।

PunjabKesari

weather updates

  • मौसम वैज्ञानिकों ने 3 से 6 जनवरी के बीच मनाली-सोलन के मैदानी इलाकों में बारिश होने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान किया है।
  • राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों में शीत से गंभीर शीत लहर चलने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में तथा हिमाचल प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर शीत लहर की स्थिति हो सकती है।
  •  IMD ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण न्यूनतम तापमान बढ़ेगा, इससे उत्तरी-पश्चिमी भारत 2 से 6 जनवरी तक प्रभावित रहेगा।
  • न्यूनतम तापमान के 4-5 जनवरी को आठ डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का पूर्वानुमान है।
  • पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण 3 से 5 जनवरी के बीच राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बारिश का भी पूर्वानुमान है।
  • आईएमडी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News