ऑक्सीजन सिलेंडर के बदले सीएनजी सिलेंडर देकर कर रहा था ठगी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, May 26, 2021 - 01:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क: ऑक्सीजन सिलेंडर के बदले सीएनजी सिलेंडर बेचने वाले एक आरोपी को जगतपुरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी कबाड़ से 1500 रुपए में सीएनजी सिलिंडर खरीदकर उसे दस हजार रुपए में बेच दिया करता था। फिलहाल इस आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त साथिया सुंदरम ने जानकारी देते हुए बताया है कि आरोपी की पहचान शास्त्री पार्क के यमुना खादर निवासी मोहम्मद शकील के रूप में की गई है।

जगतपुरी निवासी मोहित आरोड़ा ने पुलिस को बताया था कि लोगों के साथ ठगी हो रही है। उसने बताया कि उनके पिता कोरोना संक्रमित हैं। उन्हें ऑक्सीजन की जरूरत थी तो वह 20 मई को ऑक्सीजन के खाली सिलिंडर खरीदने के बारे में पता कर रहा था। उसे इस दौरान सोशल मीडिया से सिलिंडर मुहैया करवाने वाला नंबर मिला। संपर्क करने पर आरोपी ने खाली सिलिंडर के लिए 10 हजार रुपए मांगे। इसके बाद पीड़ित ने गीता कॉलोनी आकर आरोपी से सिलेंडर खरीद लिया।

जब वह इस सिलेंडर में ऑक्सीजन भरवाने गया तो बताया गया कि यह सीएनजी का सिलेंडर है और इसमें ऑक्सीजन नहीं भरी जा सकती। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मोबाइल नंबर से लोकेशन का पता लगाकर आरोपी को शास्त्री पार्क के यमुना खादर से गिरफ्तार कर लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Hitesh

Recommended News

Related News