भाजपा के समर्थन से सपा के बागी विधायक नितिन अग्रवाल बने विधानसभा उपाध्याक्ष, सीएम योगी ने दी बधाई

punjabkesari.in Monday, Oct 18, 2021 - 07:57 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी समर्थित समाजवादी पार्टी के बागी विधायक नितिन अग्रवाल सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष निर्वाचित हुये। अग्रवाल ने समाजवादी पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार नरेंद्र वर्मा को 244 मतों के भारी अंतर से पराजित किया। सोमवार को विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में संपन्न हुए विधानसभा उपाध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम की घोषणा विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने की।

दीक्षित ने बताया कि कुल 368 सदस्यों ने मतदान किया जिसमें से 364 मत वैध पाए गए। इनमें से नितिन अग्रवाल को 304 तथा नरेंद्र वर्मा को 60 मत मिले। विधानसभा सूत्रों के अनुसार चार मत अवैध घोषित हुए जिनमें तीन नितिन अग्रवाल को तथा एक नरेंद्र वर्मा को पड़ा था। इससे पहले लगभग 11.45 बजे मतदान शुरू हुआ जो दोपहर तीन बजे तक चला और करीब चार बजे परिणाम घोषित हुआ।

परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नितिन अग्रवाल को बधाई देते हुए कहा कि वे एक युवा का समर्थन कर रहे हैं, लेकिन विपक्ष पिछले साढ़े चार साल में एक युवा चेहरे को सामने नहीं ला सका। उन्होंने सपा को "युवा विरोधी" भी करार दिया, जो अपने ही सदस्य को स्वीकार करने में असमर्थ था। आदित्यनाथ ने कहा कि तकनीकी रूप से नितिन सपा से विधायक हैं।

नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने कहा कि वह सदन के कामकाज में सभी सदस्यों को साथ लेकर चलेंगे। नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने नितिन अग्रवाल की ओर इशारा करते हुए कहा कि उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया और जब सदन का कार्यकाल समाप्त होने वाला है, तो उन्हें 'लॉलीपॉप' दे दिया गया है।

विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने उत्तर प्रदेश विधान सभा के उपाध्यक्ष पद पर नितिन अग्रवाल के चुने जाने पर हार्दिक बधाई दी। अध्यक्ष ने कहा कि संसदीय परिपाटी में उपाध्यक्ष चुने जाने की व्यवस्था हमारे संविधान में की गयी है और वैदिक परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि अध्यक्ष और उसके नीचे उपाध्यक्ष की व्यवस्था हमारी पुरानी वैदिक परिपाटी में भी है और उपाध्यक्ष पद अपने आप में महत्वपूर्ण एवं दायित्वपूर्ण है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News