चीन ने की घुसपैठ, दिल्ली जितने इलाके पर कर रखा है कब्जा'', राहुल गांधी का बयान

punjabkesari.in Saturday, Oct 30, 2021 - 07:18 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कांग्रेस नेता और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को एक बार फिर से चीन द्वारा भारत की जमीन कब्जाने की बात कही और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर इस मामले में झूठ बोलने का आरोप लगाया। इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि चीन ने भारत की करीब इतनी जमीन कब्जा रखी है, जितनी में दिल्ली बसी है। पणजी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "चीन हमारे देश में घुसपैठ कर रहा है, लगभग दिल्ली जितने क्षेत्र पर उन्होंने कब्ज़ा किया है। वे आज भारतीय क्षेत्र में बैठे हैं। परन्तु प्रधानमंत्री कहते हैं कि किसी ने कोई भी क्षेत्र नहीं लिया।"


राहुल गांधी ने कहा कि ईंधन के दाम में वृद्धि जहां आम लोगों की जेब पर भारी पड़ रही है वहीं देश के दो-तीन उद्योगपतियों को ही इसका लाभ मिल रहा है। दक्षिण गोवा के वेलसावो में मछुआरा समुदाय के लोगों के साथ बातचीत में गांधी ने कहा, ‘‘ ईंधन की कीमतों में वृद्धि के लिए संयुक्त प्रगतिशील गठबन्धन (सप्रंग) को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उस समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत अधिक थी लेकिन अब इसका दाम कम है, इसके बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें अधिक हैं। आपको पूछना चाहिए कि पैसा कहां जा रहा है। केवल दो-तीन उद्योगपतियों को ही इस लाभ मिल रहा है।''

कांग्रेस नेता ने पर्यावरण को लेकर कहा कि पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि गोवा कोल हब नहीं बने। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन होना चाहिए और यह लोगों, विशेषकर गरीबों के पक्ष में होना चाहिए। उन्होंने कहा,‘‘ यह बड़े उद्योगपतियों के पक्ष में नहीं होना चाहिए। सरकार की भूमिका पर्यावरण की रक्षा करना है। यह आपका अधिकार है। लोगों की परेशानियों कम करना सत्ता में बैठे लोगों की जिम्मेदारी है।''

विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र पर उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में विभिन्न वर्ग के लोगों से बात करने के बाद इसका मसौदा तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘ लोगों से बातचीत के बाद घोषणा पत्र बनाया जाएगा। आम तौर पर यह पर्यावरण, मछुआरों और कमजोर वर्गों की रक्षा के लिए होगा। मैं गारंटी देता हूं कि घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा किया जाएगा। ''

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News