केंद्र ने बढ़ाया सुरेश चंद्र महापात्र का कार्यकाल, अगले छह महीने तक बने रहेंगे ओडिशा सरकार के मुख्य सचिव

punjabkesari.in Friday, Jan 14, 2022 - 03:32 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्र ने ओडिशा सरकार के मुख्य सचिव सुरेश चंद्र महापात्र का कार्यकाल छह महीने बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। महापात्र 28 फरवरी को सेवानिवृत्त होने वाले थे। अब कम से कम अगस्त अंत तक छह और महीनों के लिए वह सेवा में बने रहेंगे। केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के तहत कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने राज्य सरकार को मंजूरी की सूचना दी है।

डीओपीटी के अवर सचिव देवेंद्र कुमार द्वारा हस्ताक्षरित एक पत्र में कहा गया है ‘मुझे सुरेश चंद्र महापात्र की सेवानिवृत्ति से आगे छह महीने के सेवा विस्तार के बारे में केंद्र सरकार की मंजूरी को लेकर अवगत कराने का निर्देश दिया गया है।' बृहस्पतिवार को जारी किया गया यह पत्र, प्रधान सचिव, सामान्य प्रशासन और लोक शिकायत विभाग, ओडिशा सरकार को संबोधित है। सूत्रों ने बताया कि राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के ओडिशा कैडर के 1986 बैच के अधिकारी महापात्र की सेवा विस्तार का प्रस्ताव भेजा था।

एक जनवरी 2021 को एके त्रिपाठी के सेवानिवृत्त होने के बाद महापात्र को मुख्य सचिव के रूप में नियुक्त किया गया था। सूत्रों के अनुसार, ओडिशा सरकार द्वारा कोविड-19 मामलों में वृद्धि और राज्य में आगामी पंचायत और नगरपालिका चुनावों के मद्देनजर सेवा विस्तार का अनुरोध किया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News