गुजरात: 16 सितंबर को होगा कैबिनेट विस्तार, गुरुवार को शपथ लेंगे भूपेंद्र पटेल के मंत्री

punjabkesari.in Wednesday, Sep 15, 2021 - 05:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क: गुजरात में भूपेंद्र पटेल सरकार के नए मंत्री बृहस्पतिवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। भाजपा की राज्य इकाई के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह राजधानी गांधीनगर में दोपहर डेढ़ बजे होगा। नए मंत्रियों के नामों की अभी तक घोषणा नहीं की गयी है। पार्टी ने इससे पहले कहा था कि शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को होगा। यहां तक कि राज भवन पर लगे पोस्टरों में शपथ ग्रहण समारोह में 15 सितंबर की तारीख लिखी हुई थी। बहरहाल, बुधवार दोपहर को पोस्टर हटा लिए गए।

बृहस्पतिवार दोपहर डेढ़ बजे होगा शपथ समारोह
राज्यपाल के कार्यालय ने पुष्टि की कि शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार तक के लिए टाल दिया गया है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत के विशेष कार्य अधिकारी मनीष भारद्वाज ने बताया, ‘‘मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार को दोपहर डेढ़ बजे होगा।'' भारतीय जनता पार्टी के गुजरात के प्रवक्ता यमल व्यास ने सुबह बताया था कि शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को गांधीनगर में दोपहर दो बजे के बाद होगा। न तो भाजपा और न ही राज्य सरकार ने शपथ ग्रहण समारोह टालने की कोई वजह बतायी है। भाजपा की गुजरात इकाई के प्रभारी भूपेंद्र यादव नए मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले लोगों के नाम तय करने के वास्ते पिछले दो दिनों से गांधीनगर में लगातार बैठकें कर रहे हैं।

कई नए चेहरों को शामिल करेंगे सीएम भूपेंद्र पटेल
ऐसी अटकलें हैं कि पटेल अपने मंत्रिमंडल में कई नए चेहरों को शामिल करेंगे और कई पुराने नेताओं को युवा नेताओं के लिए जगह खाली करनी पड़ सकती है। मुख्यमंत्री पद से विजय रूपाणी के गत शनिवार को अचानक इस्तीफा देने के बाद सोमवार को भूपेंद्र पटेल (59) ने नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। पटेल को रविवार को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था और सोमवार को गांधीनगर में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें राज्य के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई थी। उस समय अकेले उन्होंने ही शपथ ली थी।

आनंदीबेन पटेल के हैं बेहद करीबी
पटेल को गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश की वर्तमान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का करीबी माना जाता है। उन्हें मुख्यमंत्री बनाये जाने के पीछे यह भी एक कारण माना जा रहा है। ऐसे में जब दिसंबर 2022 में राज्य विधानसभा चुनाव होने की उम्मीद है, भाजपा ने चुनाव में जीत के लिए पटेल पर भरोसा जताया है, जो कि एक पाटीदार हैं। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य विधानसभा की 182 सीटों में से 99 सीटें जीतीं थी, जबकि कांग्रेस को 77 सीटें मिली थीं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News