भाजपा पश्चिम बंगाल में तृणमूल के ‘कुशासन'' के खिलाफ जल्द अभियान शुरू करेगी

punjabkesari.in Sunday, Jan 22, 2023 - 10:24 PM (IST)

नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जल्द ही ‘‘घोटालों से घिरी'' तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ जनता को एकजुट करने के लिए पश्चिम बंगाल की सड़कों पर उतरेगी। भाजपा के एक नेता ने रविवार को यह जानकारी दी। विभिन्न घोटालों के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस के कई नेता सलाखों के पीछे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने दुर्गापुर में आयोजित पार्टी की कार्यकारिणी समिति की दो दिवसीय बैठक में ‘‘भ्रष्ट तृणमूल सरकार के खिलाफ जोरदार आंदोलन शुरू करने और जनता की नाराजगी को दिशा देने पर जोर दिया, जिसके एक के बाद एक करके कई नेता भ्रष्टाचार में संलिप्त होने की वजह से केंद्रीय एजेंसी द्वारा गिरफ्तार किए जा रहे हैं।

''दो दिवसीय बैठक में भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रभारी मंगल पांडेय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष शामिल हुए थे। उन्होंने बताया कि बैठक में फैसला किया गया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) पर तृणमूल के दुष्प्रचार का भंडाफोड़ करने के लिए जवाबी अभियान शुरू करेगी। भाजपा नेता ने पहचान गुप्त रखते हुए बताया, ‘‘अधिकारी ने हमें बताया कि तृणमूल कांग्रेस के नेता भी अपने अहम पदाधिकारियों की भ्रष्टाचार में संलिप्तता से पल्ला झाड़ने में मुश्किल का सामना कर रहे हैं। जनता भी सभी मोर्चों, चाहे फिर भर्ती में अनियमितता हो या भारी उद्योगों के दूसरे राज्यों में चले जाने का मुद्दा हो, पर विफलता को लेकर ममता बनर्जी सरकार की आलोचना कर रही है।

उन्होंने जोर दिया है कि हम अपने आंदोलन को और गति देंगे और जनता को इससे जोड़ेंगे।'' वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में ‘‘भाजपा बंगाल की 42 सीट में से करीब 25 पर जीत दर्ज करेगी'', जो पिछले चुनाव में मिली सीट से सात अधिक है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें तृणमूल के आतंक का मुकाबला करने के लिए संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की जरूरत है। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता भी पार्टी नेतृत्व से असंतुष्ट हैं। अगर लोगों को पंचायत चुनाव में मतदान करने का मौका दिया जाए, तो यह ममता बनर्जी की पार्टी के पतन की शुरुआत होगी।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News