लोकसभा में मौन रखना राहुल गांधी को पड़ सकता है भारी, भाजपा सांसद ने की सदस्यता रद्द करने की मांग

punjabkesari.in Saturday, Feb 13, 2021 - 04:50 PM (IST)

नेशनल डेस्क: लोकसभा में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने आसन पर लोकसभा अध्यक्ष की मौजूदगी में सदन के सदस्यों से किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों के सम्मान में मौन रहने के लिये कहने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ संसद की अवमानना करने का आरोप लगाते हुए उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग की।

दुबे ने सदन में कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने कार्यो द्वारा लोकतंत्र का अपमान किया है और सदन की मर्यादा को ठेस पहुंचाई है। भाजपा सांसद ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष और पीठासीन सभापति सदन को चलाते हैं। लेकिन जिस तरह राहुल गांधी ने लोगों को मौन रखने का निर्देश दिया और लोग खड़े हुए, वह लोकतंत्र का अपमान है और विशेषाधिकार हनन का मामला है। उन्होंने भाजपा सांसद संजय जायसवाल, राकेश सिंह और पी पी चौधरी द्वारा इस मामले में शुक्रवार को राहुल गांधी के खिलाफ दिये गये विशेषाधिकार हनन के नोटिस का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस सदस्य की लोकसभा की सदस्यता समाप्त की जानी चाहिए।

दुबे ने अतीत के कई उदाहरणों का जिक्र करते हुए दावा किया कि 1963-64 में एक सांसद द्वारा एक ग्लास पानी गिरने पर विशेषाधिकार की बात हुई। मधु लिमये एक बार किसी विषय को लेकर अदालत में चले गए तब विशेषाधिकार हनन का आरोप लगा। आपातकाल के दौरान राज्यसभा में सुब्रमण्यम स्वामी के प्रेस कांफ्रेंस में दिये गए बयान के आधार पर विशेषाधिकार हनन का आरोप लगा। उन्होंने कहा, ‘लेकिन इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद कांग्रेस अध्यक्ष का अब तक कोई बयान नहीं आया है।' भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी ने अपने कार्यो द्वारा सदन का अपमान किया है, ऐसे में उनकी सदस्यता समाप्त की जाए।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News