भाजपा ने चार राज्यों के लिए नियुक्त किए पर्यवेक्षक, अमित शाह को यूपी का जिम्मा

punjabkesari.in Monday, Mar 14, 2022 - 07:05 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संसदीय बोर्ड ने सोमवार को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय मंत्रियों क्रमश: अमित शाह, राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण और नरेंद्र सिंह तोमर को केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया है। पार्टी ने इन चारों राज्यों में चार सह पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए हैं।  
PunjabKesari
बता दें कि हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा ने इन चारों राज्यों में फिर से सत्ता में वापसी की है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लिये केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पर्यवेक्षक तथा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास को सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

उत्तराखंड के लिये पार्टी ने राजनाथ सिंह को पर्यवेक्षक तथा केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी को सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उत्तराखंड में भाजपा ने सत्ता ने वापसी तो कर ली, लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा ने धामी के ही नेतृत्व में विधानसभा का चुनाव लड़ा था।

मणिपुर के लिये वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पर्यवेक्षक तथा केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को सह पर्यवेक्षक बनाया गया है। पूर्वोत्तर के इस राज्य में एन बीरेन सिंह के नेतृत्व में भाजपा ने अपने बूते सरकार में वापसी की है। गोवा के लिये पार्टी ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को पर्यवेक्षक तथा सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री एल मुरुगन को सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News