भाजपा ने केजरीवाल पर साधा निशाना, ‘भ्रष्टाचारियों पर कृपा करने'' का लगाया आरोप

punjabkesari.in Saturday, Dec 03, 2022 - 12:40 AM (IST)

नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर शुक्रवार को हमला करते हुए कहा कि वह ‘भ्रष्टाचारियों और दंगाइयों पर कृपा कर रहे हैं। इसके साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली नगर निगम चुनाव (एमसीडी) चुनाव के लिए प्रचार के आखिरी दिन ‘विजय संकल्प' रोड शो के साथ अपने प्रचार अभियान का समापन किया। एमसीडी के 250 वार्डों के लिए चार दिसंबर (रविवार) को मतदान होगा और नतीजों की घोषणा सात दिसंबर को की जाएगी।

भाजपा ने 13 दिनों तक चले अपने प्रचार अभियान के दौरान वरिष्ठ नेताओं के साथ करीब एक हजार रोड शो, नुक्कड़ सभा और दरवाजे-दरवाजे संपर्क अभियान किया जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी हिस्सा लिया। एमसीडी पर गत 15 साल से काबिज भाजपा के पक्ष में प्रचार के लिए 19 केंद्रीय मंत्री, छह राज्यों के मुख्यमंत्री, दो उप मुख्यमंत्री और 31 सांसद मैदान में उतरे। पटेल नगर, नारायणा, मंगोलपुरी और रणजीत नगर वार्ड में चुनाव प्रचार करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘‘(दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद) केजरीवाल बदलाव की राजनीति करने के वादे के साथ सत्ता में आए।

उनके लिए बदलाव की राजनीति का अभिप्राय खुले तौर पर दंगाइयों और भ्रष्ट लोगों का सरंक्षण है।'' ठाकुर ने आरोप लगाया कि आप प्रमुख ने मंत्री सत्येंद्र जैन को क्लीनचिट दी है जो भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में तिहाड़ जेल में बंद हैं। तिहाड़ जेल में जैन का कथित वीडियो सामने आने का हवाला देते हुए ठाकुर ने कहा,‘‘आम आदमी पार्टी अलग विश्वविद्यालय का परिचालन कर रही है जहां पर दुष्कर्मी को फिजियोथेरेपिस्ट बनाया जाता है।'' उन्होंने यह तंज उस वीडियों का संदर्भ देते हुए कहा जिसमें जैन का मसाज उक्त व्यक्ति कर रहा है और उसके बारे में यह आरोप है कि वह दुष्कर्म का आरोपी है। आप ने पहले जैन का बचाव करते हुए दावा किया था कि उन्हें फिजियोथेरेपी दी जा रही थी।

पांडव नगर और अन्य कई वार्डों में आयोजित ‘विजय संकल्प' रोड शो में शामिल अन्य केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दावा किया कि भाजपा के प्रति लोगों की उत्सुकता कल्पना से परे है जो दिखाता है कि पार्टी निकाय की सरकार में लगातार चौथी बार वापसी करेगी। शहादरा में आयोजित रोड शो में शामिल उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे पार्टी के उम्मीदवारों को विजयी बनाएं। चुनाव प्रचार के समापन पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि एमसीडी चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिखायी गयी राह का अनुकरण करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं और हर मुद्दे पर लगातार अपना रुख बदलने वाली पार्टी (आप) के बीच है।

गुप्ता ने जोर देकर कहा कि भाजपा नगर निकाय के सत्ता में वापसी करेगी। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 में हुए चुनाव में भाजपा ने आप और कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए तब हुए 270 वार्डों के चुनाव में से 181 पर जीत दर्ज की थी। कारोबारियों के संगठन कॉन्फ्रेडेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) ने भी भाजपा का समर्थन किया है। भाजपा के एमसीडी चुनाव समिति के संयोजक आशीष सूद ने भरोसा दिया कि पार्टी नगर निकाय में वापसी करने के छह महीने के भीतर कारोबारियों से किए गए वादों को पूरा करेगी। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि मोदी सरकार शहर के झुग्गीवासियों को अच्छे गुणवत्ता वाले फ्लैट देने को प्रतिबद्ध है।

दिल्ली नगर निगम के विभिन्न वार्डों में प्रचार करने आए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। भाजपा दिल्ली इकाई के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं के साथ 241 ‘विजय संकल्प' रोड शो, 574 जनसभा और 209 जनसंपर्क अभियान सहित कुल 1,024 कार्यक्रम आयोजित किए। उन्होंने बताया कि महिलाओं, रेजीडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन और कारोबारियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के साथ करीब दो हजार बैठकें वार्ड स्तर पर चुनाव प्रचार अभियान के दौरान की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News